बाजपुर। गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली में तार फंसने से अचानक बिजली पोल बाइक सवार पर गिर गया। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हंगामा कर चालक को पकड़ लिया। घायल ने बताया कि उसे बिजली का झटका भी लगा था।
मंगलवार शाम यूपी के मसवासी (रामपुर) निवासी आशिफ (26) बाइक से अपनी बहन के घर जा रहा था। हरलालपुर मोड़ बाजपुर गांव में गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली में तार फंसने से बिजली पोल अचानक बाइक पर गिर गया, जिससे बाइक सवार आशिफ घायल हो गया। उसे एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटनास्थल पर लगी भीड़ ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। सूचना पर मौके पर पहुंची दोराहा पुलिस ने मामला शांत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि ट्राली में ओवर लोड गन्ना भरा था। ग्रामीणों ने आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।