रामनगर (नैनीताल)। मंगलवार से रानीखेत रोड पर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई एक बार फिर टल गई है। प्रशासन ने रोड जाम को देखते हुए भवानीगंज बाइपास बनने तक कार्रवाई को टालने की बात कही है। इससे अतिक्रमणकारियों ने राहत की सांस ली है। हालांकि अधिकांश लोग स्वयं ही लाल निशान तक अतिक्रमण तोड़ने लग गए थे।
नेशनल हाइवे 121 पर विभाग द्वारा अतिक्रमणकारियों को 5 फरवरी तक स्वयं अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए थे। ऐसा नहीं करने पर 6 फरवरी से एनएच व प्रशासन ने संयुक्त रूप से अतिक्रमण तोड़ने की बात कही थी। इसके बाद अतिक्रमणकारियों ने प्रशासन से एनएच द्वारा किए गए सीमांकन का विरोध कर पारदर्शिता से सीमांकन कराने की बात कही थी। वहीं एनएच द्वारा दी गई चेतावनी के बाद अधिकांश लोगों ने स्वयं ही अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया था जो सोमवार को भी जारी रहा।
सोमवार को कुछ अतिक्रमणकारी विधायक दीवान सिंह बिष्ट व ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी के नेतृत्व में एसडीएम परितोष वर्मा से मिले और उन्होंने एनएच पर सीमांकन के दौरान भेदभाव का आरोप लगाया। मामले में विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि यह मामला कोर्ट का है और इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभाग को निष्पक्ष कार्रवाई करने की बात कही है।
वहीं एसडीएम परितोष वर्मा ने बताया कि काफी लंबा क्षेत्र है, जिससे अभियान चलाते समय ट्रैफिक जाम की स्थिति हो जाएगी। जब तक भवानीगंज बाइपास का कार्य पूर्ण नहीं हो जाता तब तक अभियान को स्थगित कर दिया गया है। बाइपास बनते ही अभियान शुरू कर दिया जाएगा।