नैनीताल। नगर के मल्लीताल कोतवाली के पास ही मंगलवार को चक्कर आने से गिरी किशोरी बेहोश हो गई। पुलिस ने किशोरी को बीडी पांडे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में होश आने पर उसके साथ शादी का झांसा देकर बलात्कार करने का खुलासा किया। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके साथ आई अन्य युवती को कोतवाली में बैठा लिया। देर रात तक अस्पताल में किशोरी के परिजन पहुंचे। जिनकी ओर से अस्पताल में भर्ती किशोरी के मानसिक स्थिति ठीक न होने का हवाला देते हुए किशोरी का मेडिकल, अन्य पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजन किशोरी को घर ले गए।
कोतवाली के पास दिन में करीब 12:30 बजे एक किशोरी चक्कर आने से गिरकर बेहोश हो गई। कोतवाली के एसआई दीपक बिष्ट पुलिस कर्मियों की मदद से उसे बीडी पांडे जिला अस्पताल ले गए। जहां वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. एमएस दुग्ताल ने उसका गहन उपचार किया। बाद में उसे होश आ गया। पुलिस को दिए बयान में 17 वर्षीय किशोरी ने बताया कि वह काशीपुर की है। उसकी मां तलाकशुदा है। उसकी 16 वर्षीय बहन की हाल ही में शादी हुई है, जबकि एक छोटा भाई भी है। आरोप है कि उनके घर अक्सर आने वाली युवती (दीदी) ने हाल ही में उसका विवाह अपने मामा के बेटे के साथ तय कर मंगनी करा दी। विवाह 13 दिसंबर को होना है। दीदी उसे घुमाने के बहाने सोमवार को नैनीताल लाई। यहां पहले से मौजूद दो युवक उनसे मिले। मालरोड स्थित निजी होटल में दीदी अपने ब्वॉयफ्रेंड के साथ रुकी जबकि उसे एक अन्य युवक के साथ रहने को कहा। रात में संबंधित युवक ने उसकी इजाजत के बगैर उसके साथ बलात्कार किया। दीदी से कहा तो उसने भी उक्त युवक को नहीं रोका। सुबह दीदी का दोनों युवकों के साथ झगड़ा हुआ और युवक कहीं चले गए। दीदी उसे लेकर बाजार की ओर आई और झांसा देकर चली गई। दोपहर करीब दो बजे पुलिस उक्त युवती को भी कोतवाली में बैठा लिया। एसआई दीपक बिष्ट के मुताबिक परिजनों की ओर से किशोरी को मानसिक रूप से बीमार बताया। इसके बाद किशोरी को परिजनों के साथ रवाना कर दिया गया।