रामनगर (नैनीताल)। टप्पेबाजों ने मंगलवार को एक महिला को बातों में उलझाकर दो तोले सोने के जेवर लूट लिए। महिला ने पुलिस को तहरीर सौंपकर टप्पेबाजों को पकड़ने की मांग की हैं। बता दें कि इससे पहले 24 नवंबर को भी टप्पेबाजों ने एक अधेड़ से 40 हजार रुपये लूट लिए थे।
शिव मंदिर इंद्रा कालोनी निवासी पुष्पा वर्मा पत्नी रमेश वर्मा मंगलवार सुबह पोस्ट ऑफिस में अपना आधार कार्ड संलग्न कराने गई थी। जब वह घर जाने लगी तो उसके पास सर्राफा चौकी पर दो युवक आए और पूछने लगे कि आंटी जी माता काली का मंदिर कहां है। महिला को बातों में उलझाकर टप्पेबाजों ने कान के टॉप्स, सोने की चेन, लोकेट, सोने की दो अंगुठियां उतरवा लीं। जब तक महिला कुछ समझ पाती, दोनों युवक वहां से फरार हो गए। इसके बाद महिला तुरंत कोतवाली पहुंची और पुलिस को आपबीती सुनाई। महिला ने पुलिस को तहरीर सौंप दी है।