सहजनवां के जगदीशपुर की अमरुन निशा (45) की हत्या अवैध संबंध बनाने से इंकार करने पर की गई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने लाश बनगांवा गांव के बाहर बगीचे में फेंक दी। महिला का एक युवक से संबंध था। वह उसी से मिलने बगीचे में गई थी कि इसी बीच युवक का मकान मालिक भी आ गया। उसने अवैध संबंध बनाने के लिए दबाव डाला, लेकिन महिला के मना करने के बाद दोनों ने रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी। पुलिस ने वारदात का पर्दाफाश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज ने बताया कि अमरुन निशा का पति अब्दुल्ला शेख ट्रक ड्राइवर है और अक्सर घर से बाहर रहता है। उसकी पत्नी का बनगांवा में रणजीत गिरी के घर किराए पर रहने वाले सहजनवां के भक्सा गांव के वीरेंद्र से संबंध था। रविवार की रात महिला ने वीरेंद्र को फोन कर घटनास्थल पर बुलाया। बातचीत सुनकर मकान मालिक रणजीत गिरी भी पहुंच गया। रणजीत महिला के साथ अवैध संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा, लेकिन महिला ने जब विरोध शुरू किया तो तीनों झगड़ने लगे। इसी दौरान वीरेंद्र और रणजीत ने मिलकर महिला की रस्सी से गला कसकर हत्या कर दी और शव को बगीचे में फेंककर भाग गए।
टीम को पुरस्कृत करेंगे एसएसपी
एसएसपी ने घटना का पर्दाफाश करने वाली टीम को पांच हजार रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सहजनवां एसओ रामाज्ञा सिंह ने एसआई संजय सिंह, कांस्टेबल कृष्ण कुमार पांडेय, नसीम मोहम्मद, भवानी पांडेय और धनंजय के सहयोग से दोनों अभियुक्तों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया।