रामनगर (नैनीताल)। काशीपुर से रामनगर कन्फैक्शनरी का सामान लेकर आ रहे एक मिनी ट्रक में हिम्मतपुर ब्लॉक के पास अचानक सामान में आग लग गई। आग से धुआं उठते देख राहगीरों ने शोर मचाकर गाड़ी को रुकवाया। राहगीरों व पुलिस की मदद से आग पर शीघ्र काबू पा लिया गया।
पीरूमदारा चौकी प्रभारी राहुल राठी ने बताया कि शनिवार सुबह लगभग 11 बजे काशीपुर के व्यवसायी संतोष मेहरोत्रा पुरानी अनाज मंडी काशीपुर निवासी अपने रामनगर स्थित प्रतिष्ठान में कन्फैक्शनरी का सामान कुरकुरे आदि लेकर गाड़ी संख्या यूपी02वी 2127 से काशीपुर से चला था। पीरूमदारा हिम्मतपुर ब्लॉक पर कुरकुरे की पेटी जलने से धुआं उठने लगा। तभी राहगीरों ने ड्राइवर थाना टांडा जिला रामपुर निवासी शीशपाल को इशारा करते हुए रोका। इस बीच ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों व पुलिस की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। नहीं तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। गाड़ी में आग लगने का कारण अज्ञात है। आग बुझाने के बाद गाड़ी अपने गंतव्य को रवाना हो गई।