मिल से तांबा चुराते तीन दबोचे
काशीपुर। बंद पड़ी शुगर मिल से कई क्विंटल तांबा और पीतल चोरी कर भाग रहे तीन लोगों को पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक के पास 315 बोर का तमंचा तो दूसरे के पास से चाकू बरामद हुआ है। पकड़े गए चोर पहले भी तीन बार शुगर मिल में चोरी कर चुके है। बरामद माल की कीमत करीब डेढ़ लाख बताई जा रही है। पुलिस ने छोटा हाथी सीज कर दिया है।
सोमवार देर रात बांसफोड़ान चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह मय पुलिस फोर्स के साथ मुरादाबाद रोड पर होटल कार्बेट के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान टीम को काशीपुर से छोटा हाथी संख्या यूपी 22टी-7913 आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने छोटा हाथी में रखे सामान की जानकारी ली तो तीनों डर गए।
सख्ती से पूछताछ पर उन्होंने बताया कि वह बंद पड़ी शुगर मिल से तांबा और पीतल चोरी कर मुरादाबाद और ठाकुरद्वारा में बेचते हैं। पुलिस ने चोरी के सामान को कब्जे में ले लिया और गुड्डू निवासी मोमीनपुर शहजोद नगर रामपुर (यूपी), समीर और फिरोज मोहम्मद निवासी विचपुरी पटवई रामपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की तलाशी में गुड्डू के पास से एक चाकू जबकि समीर के पास से एक 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए।
बांसफोड़ान चौकी इंचार्ज जसविंदर सिंह ने बताया कि तीनों पहले भी तीन बार शुगर मिल से चोरी कर सामान मुरादाबाद और ठाकुरद्वारा में बेच चुके हैं। बरामद सामान का वजन करीब दो क्विंटल है। बता दें कि शुगर मिल बंद होने के बाद यहां गार्ड तैनात किए गए थे, लेकिन चोरों ने एक गार्ड पर पहले भी हमला कर दिया था। जिसके बाद गार्ड हटा दिए गए थे। पुलिस इस क्षेत्र में लगातार गश्त करती है। बावजूद इसके चोरी की घटना में अंकुश नहीं लग पा रहा है।