बनभूलपुरा पुलिस ने तीस लाख की धोखाधड़ी के मामले में तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। नईबस्ती निवासी मो. नईम की पत्नी रिजवाना ने पुलिस को बताया कि उसकी तंजीम, सलीम और उसके भांजे मो. रेहान से जान पहचान थी। तंजीम ने बताया कि वह एक मकान खरीद रही है। इसके लिए उसे 30 लाख की आवश्यकता है। अनुरोध करने पर उसने 13 दिसंबर 2018 को तीनों को तीस लाख रुपये उधार दे दिए। वापसी के एवज में रेहान ने दो चेक दिए।
इसी दिन तंजीम ने एकरारनामा लिखा कि वह दोनों चेक को अभी बैंक में भुगतान के लिए नहीं लगाएगी। काफी समय बाद जब रिजवाना ने चेक बैंक में प्रस्तुत किया तो पता चला कि चेक किसी अन्य के खाते का है। चेक में भी छलकपट किया गया है। आरोप है कि पैसा मांगने पर तीनों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तंजीम, सलीम और रेहान के खिलाफ धारा 420, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।