हल्द्वानी। महिला से शादी कराने के नाम पर बिचौलिये 15 हजार रुपये लेकर चंपत हो गए। महिला ने भी भागने की कोशिश की लेकिन वर पक्ष ने उसे कोतवाली पुलिस को सौंप किया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि महिला भी ठगों के गिरोह से जुड़ी है।
जिला मेरठ (यूपी) के दौराली डेढ़ी निवासी महावीर ने पुलिस को बताया कि हल्द्वानी के एक बिचौलिए ने उसके बेटे बबलू की शादी कराने के लिए दो युवतियों की फोटो वाट्सएप से भेजी थी। बबलू ने दोनों में से एक तलाकशुदा महिला को पसंद किया। बिचौलिए ने दावा किया कि सोमवार को हल्द्वानी आने पर पसंद की युवती से कोर्ट मैरिज करा दी जाएगी। महावीर अपने परिवार को लेकर रविवार को हल्द्वानी आए। महिला को दिखाने के बाद बिचौलिए ने 15 हजार रुपये मांगे। बबलू के पिता महावीर ने उसे पैसा दिया। इसके बाद महिला से मेरठ में शादी कराने पर सहमति बन गई। रोडवेज के सामने पहुंचने पर महिला गाड़ी से उतर गई। उसने शोर मचाया कि मेरठ के लोग उसे 15 हजार रुपये में खरीदकर ले जा रहे हैं। कुछ लोग उसे कोतवाली ले आए। पूछताछ में पता चला कि महिला के साथ बिचौलिए आए थे। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने बताया कि महिला अपने पति को छोड़ चुकी है। इसलिए पुलिस ने शादी के नाम पर ठगी वाला गिरोह सक्रिय होने की आशंका जताई। कहा कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बिचौलिए शादी के नाम पर 15 हजार लेकर चंपत
महिला ने शादी से किया इंकार, वर पक्ष परेशान