हल्द्वानी। शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशासन और नगर निगम ने सोमवार को कालाढूंगी रोड में संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। छापे के दौरान दो दुकानों में प्रतिबंधित पॉलिथीन बरामद होने पर दोनों दुकानदारों से पांच पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। छापे के दौरान तीन अतिक्रमणकारियों से 3500 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।
सोमवार को नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने कालाढूंगी रोड में 80 से अधिक दुकानों की चेकिंग की। इस दौरान दो दुकानों में पॉलिथीन मिलने पर पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ में कई जगह अतिक्रमण मिला। टीम ने फुटपाथ में रखे गए कई बोर्ड और होर्डिंग्स जब्त करते हुए तीन अतिक्रमणकारियों से साढ़े तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला। टीम में प्रभारी सहायक नगर आयुक्त विजेंद्र सिंह चौहान, कर निरीक्षक भरत त्रिपाठी, पूजा चंद्रा, हरीश सागर व बाबी आदि शामिल थे।