गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह रामगाड़ के पास ब्रेक फेल होने से जेसीबी सड़क के बीचोंबीच पलट गई, जिससे डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। जाम के चलते एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम में फंसे यात्रियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हादसे में जेसीबी चालक बाल-बाल बच गया। डेढ़ घंटे बाद किसी तरह पुलिस ने दूसरी मशीनों की मदद से सड़क पर पलटी जेसीबी को सड़क से हटाकर जाम खुलवाया।
ऋषिकेश से अल्मोड़ा की तरफ जा रही जेसीबी संख्या यूके-14 सीए 0460 शनिवार सुबह 11:30 बजे रामगाड़ के पास पहुंची ही थी कि तभी जेसीबी के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित जेसीबी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसे में मशीन चालक मस्तराम पवार पुत्र उत्तम सिंह पवार निवासी भानियावाला देहरादून किसी तरह बाल-बाल बच गया।
हादसे के तुरंत बाद एनएच के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलने पर खैरना पुलिस मौके पर पहुंची और लगभग डेढ़ घंटे बाद किसी तरह पुलिस ने अन्य जेसीबी की मदद से सड़क पर पलटी जेसीबी को हटाकर जाम खुलवाया। दोपहर एक बजे बाद एनएच पर यातायात सुचारु होने पर जाम में फंसे यात्रियों ने राहत की सांस ली।