हल्द्वानी। जगदंबानगर पानी टंकी के पास रविवार की रात दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। दोनों गुट लड़ते हुए सांसद भगत सिंह कोश्यारी के आवास के सामने पहुंच गए। हंगामा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल भोटिया पड़ाव पुलिस को बुला लिया। पुलिस को देखते ही चार लोग फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने एक युवक को दबोच लिया। पुलिस की प्राथमिक जांच से पता चला है कि पुरानी रंजिश के चलते मारपीट हुई है।
जगदंबानगर में पानी की टंकी के पास रविवार की रात एक शादी घर में बारात आयी थी। रात करीब 10:30 पर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते की देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई और लात-घूंसे चलने लगे। दोनों गुट मारपीट करते हुए सांसद भगत सिंह कोश्यारी के आवास के सामने पहुंच गए। इस दौरान सांसद अपने आवास में आराम कर रहे थे। बाहर शोर गुल की आवाज सुनते ही सांसद भगत सिंह कोश्यारी के कंप्यूटर ऑपरेटर मनोज पंत बाहर निकल आए। मनोज के मना करने पर मारपीट करने वाले नहीं माने और उससे उलझ गए। स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलने पर भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही मारपीट में शामिल लोग भागने लगे। पुलिस ने मौके से मनीष सिंह मेहता को हिरासत में ले लिया। पुलिस की पूछताछ से पता चला कि वे नवाबी रोड निवासी किशन सिंह बिष्ट नामक व्यक्ति को पीटने के लिए आए थे। किशन से उनका पूर्व में एक शादी समारोह के दौरान ही विवाद हुआ था। चौकी प्रभारी का कहना है कि इस मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
सांसद आवास के बाहर दो गुटों में भिड़ंत
पुलिस ने एक को पकड़ा, पुरानी रंजिश का निकला मामला