अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी। दादरी-झोझूकलां रोड स्थित गांव कलियाणा के समीप एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। घटना में काकड़ोली हुक्मी निवासी दो सगे भाई घायल हो गए और उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर किया गया। सदर थाना पुलिस ने घायल पक्ष के बयान दर्ज कर आरोपी ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दिए बयान में काकड़ोली हुक्मी निवासी सुखबीर ने बताया कि 24 जनवरी को शाम करीब चार बजे वह अपने भाई पवन के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से कलियाणा गांव की तरफ आ रहा था। जब वो कलियाणा के समीप पहुंचे तो इसी दौरान एक ट्रक ने सामने से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में वो दोनों भाई सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद उपचार के लिए उन्हें दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भिवानी रेफर किया गया। घायल ने बताया भिवानी से उन्हें चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई भेज दिया। पुलिस को दिए बयान में सुखबीर ने आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग की है जिसके आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर ट्रक चालक का पता लगाने के प्रयास शुरू कर दिए है।