फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्य कर विभाग ने काठगोदाम स्टेशन के अंदर और बाहर से पकड़ा 40 लाख का माल

विज्ञापन
GST, Tax
विज्ञापन
हल्द्वानी। राज्य कर विभाग ने काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर छापामारी कर 35-40 लाख रुपये का माल पकड़ा है। इनमें नौ नग स्टेशन के बाहर एक पिकप से पकड़े हैं जबकि 30-32 नग स्टेशन के भीतर ही हैं। यह माल टैक्स चोरी और कम मूल्य में बिलिंग की आशंका है हालांकि राज्य कर विभाग बिलों की जांच के बाद ही माल की कीमत और टैक्स चोरी के माल की अधिकृत जानकारी देने का दावा कर रहा है।
विज्ञापन

संयुक्त आयुक्त पीएस डुंगरियाल के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त विनय प्रकाश ओझा के नेतृत्व में टीम शनिवार को काठगोदाम रेलवे स्टेशन पहुंची। टीम ने सुबह सवा सात बजे एक पिकप यूके 04 सीए 8963 को जांच के लिए रोका। पिकप में नौ नग लदे थे। टीम ने चालक से ई-वे बिल मांगा लेकिन चालक ई-वे बिल नहीं दिखा सका। इस पर टीम ने पिकप को कब्जे में लेकर गौला पार काठगोदाम स्थित राज्य कर दफ्तर ले गई। जहां एसटीओ चंद्रकला पंचपाल, दीप चंद्र लोहनी, मो. कासिम ने माल की वैल्यूएशन, बिल आदि की जांच शुरू कर दी गई है। इस माल की कीमत पांच-छह लाख रुपये आंकी जा रही है। वहीं रेलवे स्टेशन से निकल नहीं पाए 30-32 से ज्यादा नगों की भी जांच शुरू कर दी है। संयुक्त आयुक्त मानवेंद्र सिंह, रिंकन सिंह ने स्टेशन पर पहुंच कर माल का मुआयना किया। इस माल की कीमत 30-35 लाख रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने रेलवे को निर्देश दिए हैं कि बिना राज्य कर अनुमति के माल रिलीज न किया जाए। माल की राज्य कर विभाग से जांच कराई जाएगी। स्टेशन से माल निकलने से रोकने के लिए स्टेशन के बाहर निगरानी टीम तैनात की गई है। राज्य कर विभाग का दावा है कि माल के बिलों के आधार पर ही कीमत, टैक्स चोरी के माल आदि का आकलन किया जाएगा। पिकप पकड़ने वाली टीम में मो. कासिम, संतोष डांगी, मनोहर आदि शामिल थे।

काठगोदाम स्टेशन पर छापा, 40 लाख का माल पकड़ा
राज्य कर विभाग ने की कार्रवाई
दिल्ली से आने वाली ट्रेनों से टैक्स चोरी का माल होने की आशंका
नौ नगों से लदी एक पिकप भी पकड़ी, स्टेशन के अंदर पड़े माल की भी जांच होगी

ट्रेनों से टैक्स चोरी से आने वाले माल पर पूरी तरह लगाम लगाई जाएगी। माल पकड़ा गया है इसकी जांच की जा रही है। जो बिना टैक्स के होगा उस पर जुर्माना वसूला जाएगा।
विज्ञापन

- पीएस डुंगरियाल, संयुक्त आयुक्त, राज्य कर हल्द्वानी संभाग

आरपीएफ पोस्ट के पास गेट से निकलता है टैक्स चोरी का माल
तस्कर टैक्स चोरी का माल रेलवे स्टेशन से निकालने के लिए आरपीएफ चेक पोस्ट के पास वाला गेट का उपयोग करते हैं। इस गेट पर आमतौर पर यात्री, जीएसटी टीम नहीं आती है, इस वजह से यहां से माल निकालने में आसानी होती है। जो कि नियम विरुद्ध है। पार्सल घर के वाणिज्यिक अधीक्षक एसआर शंखवार ने बताया कि पार्सल से आने वाले माल को पार्सल घर के गेट से ही निकलना चाहिए।

नियमों को ताख पर रख कर पिकप को कर दिया रिलीज
विभाग ने नियमों को ताख पर रख कर पिकप को रिलीज कर दिया है। उत्तराखंड माल एवं सेवाकर अधिनियम के तहत यदि किसी वाहन में माल पकड़ा जाता है। इस माल की जांच नहीं हो पाती है, कोई कारोबारी माल का दावा नहीं करता है। न ही उचित बिल दिखाता है। तब वाहन को एक हफ्ते की अवधि के लिए माल समेत जब्त करने के बाद जुर्माना लेकर छोड़ने का प्रावधान है। यहां इस नियम का भी उल्लंघन किया गया। अधिकारियों का कहना है कि वाहन की आरसी आदि दस्तावेज जब्त किए गए हैं। मरम्मत के लिए वाहन को छोड़ा गया है।

पटरियों पर भी पड़े हुए माल के नग
आमतौर पर ट्रेनों से माल आने पर पार्सल घर या प्लेटफार्म पर रखे जाते हैं लेकिन यहां प्लेटफार्म के अंतिम छोर और वॉशिंग पटरी तक पर माल पड़ा था। ताकि यदि कोई जांच करे तो पार्सल घर के आसपास होगी। पटरी पर कोई जांच करने जाएगा नहीं लेकिन भंडाफोड़ हो गया।

रेलवे नहीं लेता है शपथ पत्र, आधार कार्ड
राज्य कर विभाग के अनुसार रेलवे बिल्टी से आने वाले 50 हजार से कम के माल को छुड़ाने के लिए रेलवे को एक शपथपत्र, व्यापारी का आधार कार्ड लेना होता है। इस शपथ पत्र में व्यापारी कोई कर देयता न होने और 50 हजार से कम का माल होने का दावा करता है। नियम होने के बावजूद भी आधार कार्ड और शपथ पत्र नहीं लिया जाता है।

भाजपा के एक नेता के रिश्तेदार का भी माल
हल्द्वानी। राज्य कर विभाग के पकड़े गए माल में भाजपा के एक बड़े नेता के रिश्तेदार के माल होने की बात कही जा रही है। चर्चाओं की मानें तो नेता जी के आशीर्वाद से यह खेल चल रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें