भवाली (नैनीताल)। भवाली से शनिवार देर शाम अपने घर नया चोरसा लौट रही महिला का भवाली गांव निवासी युवक ने रंजिशन गला दबाकर उसे 50 फुट गहरी खाई में फेंक दिया। खाई से निकलने के बाद उसके चिल्लाने पर ग्रामीणों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा। जहां डॉक्टर ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद नैनीताल रेफर कर दिया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्राम नया चोरसा निवासी 35 वर्षीय दुर्गा देवी पत्नी घनश्याम लाल शनिवार दोपहर को सामान खरीदने भवाली बाजार आई थी। देर शाम वह एक गाड़ी से लिफ्ट मांग कर घर वापस जा रही थी। जिस गाड़ी से वह जा रही थी उसमें भवाली गांव का रहने वाला एक युवक भी बैठा था। भवाली गांव पहुंचने पर महिला और युवक गाड़ी से उतरे। महिला अपने गांव नया चोरसा पैदल जाने लगी। महिला का आरोप है कि कुछ दूरी पर जाने के बाद युवक ने अचानक उसका गला दबा दिया और मरा सोचकर सड़क से 50 फुट गहरी खाई में फेंक दिया। महिला बमुश्किल खाई से ऊपर निकलकर आई जहां चिल्लाने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली लाया गया। डॉक्टर ने बताया कि महिला के गले में काफी सूजन आ गई है इसलिए उसे बेहतर उपचार के लिए नैनीताल रेफर कर दिया गया है। पटवारी कैलाश चंद्र का कहना है कि मामला पट्टी पाडली पटवारी क्षेत्र का है। मामले की कोई तहरीर अब तक नहीं आई है। तहरीर आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।