भीमताल (नैनीताल)। पर्यटन को बढ़ावा देने और बेरोजगारों को रोजगार देने के लिए जिला प्रशासन ने नौकुचियाताल और पांडेगांव में पैराग्लाइडिंग कराने की अनुमति प्रदान की है, लेकिन पैराग्लाइडिंग संचालक नियमों को ताख पर रखकर सैलानियों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। सोमवार की घटना से पहले कई और हादसे भी हो चुके हैं। अधिकतर मामले समझौता कराकर निपटा दिए हैं। कई मामलों में पैराग्लाइडिंग पायलट के नशे में होने और अनट्रेंड होने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद जिला प्रशासन ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। लगता है कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार है।
सोमवार को दिल्ली से परिवार समेत नौकुचियाताल घूमने पहुंचे राज (42) ने पांडे गांव में पायलट के माध्यम से पैराग्लाइडिंग कर रहे थे। पायलट ने जैसे ही उन्हें नीचे उतारने की कोशिश की तो हवा के विपरीत दिशा में चलने की वजह से पैराशूट एक मकान से जा टकराया। हादसे में राज गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। भीमताल स्वास्थ्य केंद्र में भी हालत नहीं सुधरने पर परिजनों ने उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जानकारी के मुताबिक राज की गर्दन, हाथ में चोट आई है। पायलट की हालत अब ठीक है। उधर, पुलिस तहरीर के इंतजार में बैठी है।
पहले भी हो चुकी हैं कई घटनाएं, समझौता कराकर निपटा दिए जाते हैं मामले
लगता है जिला प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार
सोमवार को घायल सैलानी अब तक हल्द्वानी में भर्ती
वर्ष 2000 से अब तक बीस से अधिक सैलानी हो चुके हैं घायल
भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल, पांडेगांव में 2000 से अब तक पैराग्लाइडिंग करने के दौरान बीस से अधिक सैलानी घायल हो चुके हैं। लेकिन पैराग्लाइडिंग संचालकों द्वारा घायल हुए सैलानियों का इलाज और मुआवजा आदि देकर समझौता कर लिया जाता है। इस वजह से सैलानी द्वारा पैराग्लाइडिंग संचालकों के खिलाफ तहरीर या मुकदमे दर्ज नहीं कराए जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ पायलटों शराब, चरस आदि का सेवन कर पैराशूट उड़ाते हैं, जिससे घटनाएं होती हैं।
पैराग्लाइडिंग के क्या हैं मानक
-पैराग्लाडिंग संचालकों को सैलानियों से पहले खुद की जिम्मेदारी का फॉर्म भराना जरुरी है।
-पैराशूट उड़ाने वाले पायलट के पास लाइसेंस होना चाहिए।
-सुरक्षा किट का जिला प्रशासन से सत्यापन कराना बेहद आवश्यक है।
वर्तमान में दस कंपनियां करा रहीं हैं पैराग्लाइडिंग
स्काई ट्रैक पैराग्लाइडिंग घोड़ाखाल, एडवेंचर पैराग्लाइडिंग पांडे गांव, ईगल आई पैराग्लाइडिंग पांडेगांव, मनोज पोखरिया स्काई बर्ड, हिमालयन पैराग्लाइडिंग भीमताल, फ्लाइंग वर्ल्ड भीमताल, हौक आइज पैराग्लाइडिंग पांडेगांव, गोल्डन बर्ड, धर्मेंद्र पांडे पैराग्लाइडिंग, नैनीताल पैराग्लाइडिंग।
पटवारी हड़ताल पर, कौन बनाए रिपोर्ट
- पटवारी से रिपोर्ट मांगी गई है, लेकिन पटवारियों की हड़ताल के चलते रिपोर्ट नहीं आई। जल्द जिलाधिकारी के साथ बैठक कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।
-अभिषेक रुहेला, संयुक्त मजिस्ट्रेट