हल्द्वानी। घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार पटवारी ललित मोहन गोस्वामी को बृहस्पतिवार को नैनीताल जेल भेजा गया है। इस मुकदमे की विवेचना निरीक्षक आर एस मेहता को सौंपी गई है। सतर्कता विभाग के पुलिस अधीक्षक डॉ. अमित श्रीवास्तव की ओर से गठित टीम ने बुधवार को भीमताल पटवारी चौकी में घेराबंदी कर पटवारी ललित मोहन गोस्वामी को साढ़े चार हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया था। पटवारी को रात में कोतवाली थाने के हवालात में रखा गया। सतर्कता विभाग की टीम ने उसे भ्रष्टाचार निवारण की अदालत में पेश किया। अदालत के निर्देश पर उसे जेल भेज गया है। आरोप है कि पटवारी सुभाषनगर के वरिष्ठ नागरिक और रोडवेज के अवकाश प्राप्त प्रशासनिक अधिकारी गोपाल सिंह कुंवर से घूस मांगी थी। पटवारी ललित मोहन गोस्वामी ग्राम छड़ायल नयाबाद अशोक विहार मुखानी हल्द्वानी का रहने वाला है।
अप्रैल में पकड़ा गया था शिक्षाधिकारी
एसपी डॉ. अमित श्रीवास्तव ने बताया कि पटवारी के पहले 28 अप्रैल को विभाग टीम ने अल्मोड़ा के मुख्य शिक्षा अधिकारी को 15 हजार रुपये घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था। शिक्षाधिकारी अभी भी जेल में है। सतर्कता विभाग की टीम अब अगले टारगेट पर काम कर रही है।