हल्द्वानी। उफनाए चीनपुर नाले में बहे मासूम कार्तिक का शव मंगलवार को कठघरिया राजकीय इंटर कॉलेज के पीछे नाले में झाड़ियों के बीच फंसा मिला। तेज बहाव में टकराने से सिर में चोट और हाथ में खरोंच आई थी। इस घटना से गांव में कोहराम मचा हुआ है।
चंदफार्म निवासी विपिन जोशी का छोटा बेटा कार्तिक (05) सोमवार की शाम घर के सामने खेल रहा था। अचानक पैर फिसलने पर वह चीनपुर नाले के तेज बहाव में गिर पड़ा। नाले के उफान के चलते चंद मिनट में बहकर ओझल हो गया। मुखानी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने देर रात तक अभियान चलाया मगर उसे ढूंढा नहीं जा सका। मंगलवार की सुबह नाले में पानी बंद हो गया था। घर से करीब पांच सौ मीटर दूर कठघरिया इंटर कालेज के पीछे नाले में शव मिलने पर परिजन गमगीन हो गए। माता-पिता बदहवास हो गए। कलेजे के टुकड़े के जाने से मां रोते-रोते गिरी जा रही थी। कार्तिक तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था।
घटना की जानकारी लेने के बाद डीएम विनोद कुमार सुमन ने प्रभारी तहसीलदार पीआर आर्या को परिजनों को चार लाख की सहायता देने के निर्देश दिए। प्रभारी तहसीलदार बिठोरिया नंबर एक के ग्राम प्रधान सुरेश सिंह गौड़ को लेकर विपिन जोशी के घर पहुंचे। उन्होंने कार्तिक के पिता विपिन जोशी को चार लाख की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया।
नाले में बहे मासूम का शव मिलने से कोहराम
जीआईसी कठघरिया के पीछे नाले में झाड़ियों के बीच फंसा मिला शव
तहसीलदार ने परिजनों को चार लाख का मुआवजा दिया