हल्द्वानी। होशियार हो जाइए। शहर में ठगों और लुटेरों का नया गैंग सक्रिय हो गया है। चावल बेचने के बहाने बोलेरो से आए चार बदमाशों ने हरिपुर कुंवर सिंह गांव में दिनदहाड़े फौजी की पत्नी लूट लिया। उन्होंने चावल का झांसा देकर 3200 रुपये लिए फिर धक्का देकर गैस सिलिंडर उठाकर ले गए। फौजी की पत्नी ने ग्राम प्रधान और पुलिस को सूचना दी है।
हरिपुर कुंवर सिंह (ग्रामसभा आनंदपुर) निवासी फौजी मदन सिंह बिष्ट की पत्नी सीमा बिष्ट बच्चों के साथ घर में रहती है। मदन सिंह मणिपुर में तैनात है। सोमवार को दोपहर सीमा बिष्ट के घर के सामने बोलेरो सवार चार लोग आए। उन्होंने महिला से पीने के लिए पानी मांगा। बताया कि वे चावल बेच रहे हैं। उन्होंने 3200 रुपये लिए और चावल का कट्टा थमा दिया। आरोप है कि दो लोग बिना पूछे घर में घुसे और उन्होंने गैस सिलिंडर उठा लिया। विरोध करने पर वे धक्का देकर बोलेरो से चले गए। महिला ने कट्टा खोलकर देखा तो उसमें गेहूं था।
ठगे और लूटे जाने के बाद सीमा ने इसकी जानकारी ग्राम प्रधान कुंदन बोरा और पुलिस को दी, लेकिन काफी देर तक पुलिस नहीं पहुंची। ग्रामीण उमेश पडियार ने पुलिस से गांव में असामाजिक तत्वों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है। टीपीनगर चौकी प्रभारी विजय सिंह मेहता का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि बोलेरो सवार कौन लोग आए थे।
फौजी की पत्नी को धक्का दिया, 3200 रुपये लेकर चावल के बजाए गेहूं का कट्टा थमा गए
हरिपुर कुंवर सिंह गांव में बोलेरो से आए थे चार लोग