हल्द्वानी। ऋण लेने का लालच देकर एक निजी कंपनी के कर्मचारी ने व्यवसायी को 27 हजार रुपये का चूना लगाया। अब व्यवसायी पैसे की वापसी को लेकर थानों का चक्कर लगा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर मामला दूसरे थाने पर टाल दिया। तीनों थानों का चक्कर लगाने के बाद व्यवसायी परेशान हो गया है।
लालडाठ निवासी रुस्तम अली की मुखानी में रजाई गद्दे की दुकान है। व्यवसायी ने तीन लाख रुपये ऋण लेने के लिए एक निजी कंपनी के कर्मचारी से संपर्क किया। बनभूलपुरा में निजी कंपनी ने ऋण देने के लिए जगह जगह पोस्टर लगाया था। कंपनी के कर्मचारी से मोबाइल फोन पर बातचीत के बाद व्यवसायी ने पहले बताए गए राहुल के खाते में 3800 रुपये फीस जमा किया। इसके बाद 10 हजार 500 रुपये बीमा का जमा कराया। चेक बाउंस होने पर 6500 रुपये दो बार जमा कर ऋण के बारे में पूछा। कुल 27 हजार रुपये देने के बाद राहुल ने जवाब दिया कि ऋण देने वाली की सड़क हादसे में मौत हो गई है। अब कॉल करने पर फोन ही नहीं उठाता है। व्यवसायी ने इस धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज कराने के लिए मुखानी थाने से संपर्क किया। यहां पुलिसकर्मियों ने बताया कि मुकदमा कोतवाली थाने में दर्ज होगा। कोतवाली पुलिस ने बताया कि पहले पोस्टर उसने इंद्रानगर में देखा था। इस कारण मुकदमा बनभूलपुरा थाने में दर्ज होगा। व्यवसायी अपनी पत्नी के साथ तीनों थानों का चक्कर लगाया लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं हो सका।