हल्द्वानी में ताबड़तोड़ आपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत और पुलिस के खिलाफ नाराजगी है। पुलिस वारदातों के जल्द खुलासों के दावे कर रही है मगर हो कुछ नहीं रहा है। मंगलवार को दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला पर हमले से गुस्साए व्यापारिक और सामाजिक संगठन बुधवार को सड़क पर उतरे। उन्होंने कोतवाली, सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन करने के साथ ही पटेल चौक पर धरना दिया। पुलिस और प्रशासन को चेतावनी दी गई कि यदि वारदातों का जल्द खुलासा नहीं होता है तो बाजार बंद करने के साथ चक्का जाम कर दिया जाएगा। यह भी कहा कि लोगों को ऐसा विकास नहीं चाहिए जहां लोगों की सुरक्षा के इंतजाम न हों।
पुलिस हेलमेट चालन में व्यस्त, बदमाश घुस रहे हैं घरों में
हल्द्वानी। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने सदस्यों ने कोतवाली में धरना देकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस न पहनने पर हेलमेट चालान काटने में लगी है और बदमाश दिनदहाड़े घरों में घुसकर वारदातें कर रहे हैं। व्यापारी दिन भर दुकान पर रहता है, अगर असुरक्षा का माहौल रहा तो कोई भी काम नहीं हो पाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बदमाशों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बाजार बंद किया जाएगा। सीओ डीसी ढौडियाल मौके पर पहुंचे जल्द ही खुलासे का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रांतीय महामंत्री नवीन वर्मा, विपिन गुप्ता, योगेश शर्मा, कुसुम दिगारी, शांति जीना, हर्षवर्धन पांडे, मनोज जायसवाल, दिनेश अग्रवाल, नवनीत राणा आदि मौजूद थे।
लंबे समय से जमे पुलिस वालों का तबादला करो
हल्द्वानी। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने नगर मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय को ज्ञापन सौंप कर संदिग्धों की धरपकड़, मजदूरों, ठेली व रेहड़ी वालों का सत्यापन, लंबे समय से जमे पुलिस कर्मियों का तबादला और वारदातों का जल्द खुलासा करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अपराध काबू नहीं हुआ तो चक्का जाम, बाजार बंद किया जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर, जीवन सिंह कार्की, अनिल खंडेलवाल, जगमोहन चिलवाल, घनश्याम वर्मा, अवध बिहारी, कमल मेहरा, सुरेश चंद्र जोशी, मुकेश भट्ट, विक्की योगी, राजेंद्र बिष्ट, विनोद गोयल, राजकुमार नेगी, हरजीत चड्ढा आदि शामिल थे।
काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन
हल्द्वानी। देवभूमि व्यापार मंडल ने पटेल चौक के बिनवाल पार्क में बांह पर काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यापारियों ने कहा कि मेट्रो, मॉल नहीं सुरक्षित माहौल चाहिए। आरोप लगाया कि बदमाश वारदात पर वारदात कर रहे हैं और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। यदि पुलिस ने जल्द ही वारदात का खुलासा नहीं किया तो बाजार बंद किया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में अमरजीत चड्ढा, जसविंदर सिंह भसीन, पंकज कपूर, दलजीत सिंह, गोविंद बगड़वाल, राजीव जायसवाल, पंकज गुप्ता, नरेंद्र अरोरा, प्रेम चौधरी, मोहित अग्रवाल, उमेश नैनवाल, विशाल शर्मा, विपिन कांडपाल, अमरनाथ जोशी आदि शामिल थे।
हल्द्वानी क्यों बन गई अपराध नगरी
हल्द्वानी। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने नवाबी रोड स्थित कार्यालय में बैठक कर तुलसी विहार में हुई घटना पर आक्रोश जताया। वक्ताओं ने कहा कि हल्द्वानी में दूसरे राज्यों की तर्ज पर आपराधिक वारदातें बढ़ती जा रही है। अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में दहशत का माहौल है अब शहर में भी डर बढ़ गया है। चेतावनी दी कि यदि पुलिस अपराध काबू में नहीं हुआ तो व्यापारी हाईकोर्ट की शरण लेेंगे। इस दौरान राजीव अग्रवाल, वीरेंद्र गुप्ता, गुरुचरण सिंह, देवेश अग्रवाल, प्रमोद गोल्डी, मदन जोशी, राकेश टीटू, संदीप टंडन, प्रदीप सब्बरवाल, अमरजीत सेठी शामिल थे।
कुसुमखेड़ा के लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा
हल्द्वानी। कुसुमखेड़ा के लोगों ने नगर मजिस्ट्रेट पंकज उपाध्याय को ज्ञापन सौंप कर कहा कि तुलसी विहार में व्यापारी की पत्नी के साथ वारदात पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली दर्शाती है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि आरके टैंट हाउस गली में एक दर्जन से ज्यादा दुकानों पर बाहरी किरायेदार हैं इनका सत्यापन किया जाए। देर रात गश्त बढ़ाई जाए, वारदात का खुलासा कर बदमाशों को गिरफ्तार किया जाये ताकि क्षेत्र में व्याप्त दहशत खत्म हो। ज्ञापन देने वालों में सुशील भट्ट, उत्तम सिंह, नवीन जोशी, मीना रौतेला, एबी लोहुमी, गीता, पीतांबर दत्त, दीपू बिष्ट, नारायण सिंह, अजय सिंह शामिल थे।
हिंदू जागरण मंच भी गुस्से में
हल्द्वानी। हिंदू जागरण मंच ने एसएसपी कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों के भीतर बेड़ापोखरा और तुलसी विहार की वारदातों का खुलासा नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन होगा। उन्होंने बाहरी जिलों से आने वाले रेहड़ी, फड़, खोखो वालों का पुलिस सत्यापन कराने की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया कि पुलिस अपराध पर लगाम लगाने में नाकाम रही है। इस दौरान मुकेश भट्ट, सुमित सिंह, भरत वल्दिया, मनोज उप्रेती, मुकुल नैथानी, दीपांशु रैक्वाल, शिवम पाल, अंकित पाल, कपिल सागर, उज्ज्वल, अमित, हिमांशु, संजू, पंकज शामिल थे।
बढ़ते अपराध और पुलिस की निष्क्रियता पर सड़क पर उतरे व्यापारी, धरना-प्रदर्शन, चक्का जाम की चेतावनी