मकान मालिक की बेटी भगाने वाला पकड़ा गया
हल्द्वानी। जवाहरनगर का राजमिस्त्री पांच दिन पहले अपने मकान मालिक की नाबालिग बेटी को भगा ले गया था। चंपावत से लौटते समय रविवार को पुलिस ने उसे रोडवेज के पास पकड़ लिया। पुलिस ने बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत उसका चालान कर दिया।
उपनिरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया कि बिहार के जिला चंपारण निवासी लाल मोहम्मद (22) राजमिस्त्री है। वह डेढ़ साल से जवाहरनगर में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। इस बीच राजमिस्त्री और मकान मालिक की बेटी के बीच नजदीकियां बढ़ गईं लेकिन परिवार को इसकी भनक नहीं लग सकी थी। राजमिस्त्री 28 जून को मकान मालिक की बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। मकान मालिक ने अपनी बेटी को 16 साल की नाबालिग बताते हुए बनभूलपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसलिए पुलिस ने रविवार को रोडवेज से आरोपी को पकड़कर किशोरी को बरामद कर लिया। पूछने पर पता चला कि युवक किशोरी को लेकर चंपावत घूमने गया था। पुलिस ने राजमिस्त्री के खिलाफ बलात्कार और पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार युवक को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जबकि किशोरी परिजनों को सौंप दी गई।
बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार