रामनगर अस्पताल में घायल जिप्सी चालक से जानकारी लेते साथी। संवाद
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट लैंडस्केप के सीतावनी में जंगल सफारी करने आए पर्यटकों ने जिप्सी चालक को पीट दिया। घायल जिप्सी चालक को रामनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। विवाद का कारण पर्यटकों का जंगल में जिप्सी से उतरकर नदी की ओर जाना बताया जा रहा है। इसका विरोध करने पर विवाद हो गया।
हरियाणा से आई तीन महिलाओं समेत चार पर्यटकों को जिप्सी चालक अजीम सफारी कराने के लिए सीतावनी के पर्यटन जोन में ले गया था। वह जिप्सी से भंडारपानी जंगल में सफारी करा रहा था। इस दौरान पर्यटक जिप्सी से नीचे उतरकर नदी किनारे जाने लगे। इस पर चालक ने जंगल के नियमों का हवाला देकर नीचे उतरने पर एतराज जताया। विवाद बढ़ने पर पर्यटक जिप्सी में तो बैठ गए, लेकिन बाद में उग्र हो गए। वे जंगल सफारी से वापस सांवल्दे स्थित एक रिजॉर्ट में आ गए। आरोप है कि वहां उन्होंने जिप्सी चालक को पीट दिया। चालक ने बताया कि पर्यटकों ने पत्थरों और चाकू से हमला किया। पिटाई में घायल जिप्सी चालक ने संयुक्त अस्पताल में इलाज कराया। सूचना पर साथी जिप्सी चालक भी अस्पताल पहुंच गए। चालकों ने मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी। कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।