नैनीताल। अज्ञात युवती ने मल्लीताल निवासी एक युवक को मैसेंजर पर वीडियो काल कर अपना अश्लील वीडियो तैयार किया और उसे बाद में युवक को ही भेज दिया। युवक ने मामले की जानकारी पुलिस को देकर युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मल्लीताल क्षेत्र निवासी एक युवक के पास कुछ समय पहले उसकी फेसबुक आईडी पर एक युवती के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद युवती उससे मैसेज में बात करने लगी। इसी बीच सोमवार रात मैसेंजर पर युवती का वीडियो कॉल आया। युवक ने वीडियो कॉल रिसीव किया तो कुछ देर बातचीत के बाद दूसरी ओर मौजूद युवती ने अपने कपड़े उतारकर अश्लील हरकतें शुरू कर दी। यह देख युवक ने तत्काल फोन काट दिया। कुछ देर बाद ही युवती ने स्क्रीन रिर्काडर से बनाई गई अश्लील वीडियो युवक को भेज दी। इससे घबराया युवक कोतवाली पहुंचा और उसने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी। एसआई हरीश बिष्ट ने बताया कि युवक की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच की जाएगी।