नैनीताल/हल्द्वानी। 15 से 18 साल आयुवर्ग के किशोरों को टीका लगाने के लिए सोमवार को जबर्दस्त उत्साह दिखाई दिया। स्कूलों में बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर छात्र-छात्राओं को टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में 7878 किशोर किशोरियों को कोविड की पहली डोज लगाई गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. भागरथी जोशी ने बताया कि जिले में 15 से 18 वर्ष के कुल 69 हजार 272 किशोर किशोरियों को कोविड की डोज लगनी है। सोमवार को महाअभियान के पहले दिन जिले भर में 7878 बच्चों ने स्कूलों और अन्य स्थानों पर बनाए गए टीकाकरण केंद्रों पर पहली डोज लगाई गई। उन्होंने बताया कि स्कूलों में 5989 और अन्य टीकाकरण केंद्रों पर 1889 किशोर किशोरियों ने टीकाकरण करावाया।
अपील
अभिभावकों से अपील है कि वे अपने बच्चों को अनिवार्य रूप से कोविड की पहली डोज समय पर लगवा लें ताकि कोरोना और ओमिक्रान से बचाव हो सके। प्रधानाचार्यों भी बच्चों को टीकाकरण के लिए जागरूक करें।
-डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी के आंकड़े
हल्द्वानी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा के अनुसार पहले दिन जिले के 40 केंद्रों पर 5397 किशोरों को वैक्सीन लगाई गई। इसमें हल्द्वानी में 4216 किशोर शामिल हैं। इसके अलावा अन्य 31 केंद्रों पर भी टीकाकरण हुआ। लक्ष्य 10834 रखा था।
यहां दिखा उत्साह
-खालसा नेशनल बालिका इंटर कॉलेज में टीकाकरण के लिए छात्राओं की सुबह नौ बजे से लंबी लाइन लग गई थी। यहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विद्यालय की 355 छात्राओं के टीका लगाया।
- सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज हीरानगर में 168 किशोरों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था। इस केंद्र पर कुल 120 बच्चों के टीका लगाया।
- राजकीय मेडिकल कॉलेज में रजिस्ट्रेशन के आधार पर किशोरों के टीकाकरण किया गया। प्रभारी डॉ. दीपक जोशी ने बताया कि केंद्र पर किशोरों के साथ ही 18 वर्ष की आयु से अधिक आयु वर्ग के लोगों के टीकाकरण भी हो रहा है।
--महर्षि विद्या मंदिर देवलचौड़ में 483 छात्र-छात्राओं ने सोमवार को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
-चोरगलिया में जीजीआईसी कालेज में 140 बच्चों को कोरोना की पहली डोज लगी।