हल्द्वानी। सुशीला तिवारी अस्पताल में कोरोना मरीज का डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन किया है। डॉक्टरों के अनुसार लॉकडाउन के बाद सर्जरी विभाग की टीम ने यह पहली बड़ी सर्जरी की है।
सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रो. श्रीरंजन काला ने बताया कि हल्द्वानी निवासी 18 साल की युवती पेट दर्द की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंची थी। उसकी पहले बेस अस्पताल में जांच हुई थी, जिसमें आंत के फटने का पता चला था। पहले बेस अस्पताल में मरीज की सर्जरी की तैयारी थी, सर्जरी से पहले मरीज की ट्रूूनेट विधि से कोरोना की जांच हुई तो उसमें रोगी के कोरोना पॉजिटिव होने का पता चला।
इसके बाद मरीज को एसटीएच (कोविड-19 हास्पिटल) रेफर किया गया। यहां पर सभी आवश्यक सावधानी बरतते हुए ऑपरेशन किया गया। करीब दो घंटे तक आपरेशन चला। रोगी को टीबी की भी शिकायत थी। अभी रोगी की हालत गंभीर बनी हुई है, उसे आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि रोगी की हालत गंभीर थी। सर्जरी विभाग की टीम ने बड़ा ऑपरेशन किया है, यह काफी समय बाद हुआ है।