हल्द्वानी। जिले में कोरोना के केस फिर बढ़ने लगे हैं। कोरोना के बुधवार को 76 नए केस आए, जबकि 2298 की रिपोर्ट का इंतजार है। एसटीएच में कोरोना पॉजिटिव 76 मरीज भर्ती हैं।
बता दें कि अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में कोरोना के केस कम होने लगे थे। एसटीएच में भी 35 से 40 मरीज ही भर्ती थे, जबकि प्रतिदिन 20 से 40 ही नए केस आ रहे थे। मौसम के बदलाव के साथ ही कोरोना के मामले बढ़ने लगे हैं। एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि 35 मरीजों की हालत गंभीर है और 11 को आइसोलेशन में रखा गया है। डॉ. जोशी ने बताया कि कोविड के मामले बढ़ने लगे हैं, लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
दूसरी ओर एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि प्रतिदिन तीन सौ से चार सौ लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। सैंपल के लिए मोबाइल टीमें काम कर रही हैं।