हल्द्वानी। एक ठेकेदार ने लेनदेन के विवाद में सोशल मीडिया पर लाइव करते हुए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। ठेकेदार को गंभीर हालत में बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस को मामले की जानकारी नहीं दी गई है।
जानकारी के मुताबिक काठगोदाम स्थित बद्रीपुरा निवासी एक ठेकेदार और एक अन्य व्यक्ति काठगोदाम में पार्टनरशिप में होम स्टे चलाते हैं। लॉकडाउन के कुछ समय पहले ठेकेदार ने अपने पार्टनर की बहन का घर बनाने का ठेका लिया था। बताया जाता है कि मकान का लेंटर पड़ने के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। ठेकेदार का आरोप है कि पार्टनर की बहन ने उसे लगभग 17-18 लाख रुपया देने हैं।
कई बार कहने के बावजूद वह हिसाब नहीं कर रहे हैं। वहीं ठेकेदार के भाई के अनुसार उसका भाई मंगलवार को पार्टनर की बहन के घर पैसे लेने गया था। जब वह वहां पहुंचा तो उसने किसी दूसरे ठेकेदार के मजदूर को काम करते हुए देखा। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
ठेकेदार अपने 17-18 लाख रुपये बता रहा था, वहीं पार्टनर की बहन ढाई-तीन लाख रुपये शेष रहने की बात कह रही थी। इससे दुखी ठेकेदार ने वहीं पर खुद को सोशल मीडिया पर लाइव करते हुए जहरीला पदार्थ गटक लिया। इधर काठगोदाम एसओ नंदन सिंह रावत ने बताया कि इस मामले में अब तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।