बिजली अफसरों पर बदसलूकी करने का आरोप
220 केवी सबस्टेशन से सप्लाई बाधित होने से बृहस्पतिवार को पांच हजार से अधिक उपभोक्ताओं को दिन भर गर्मी में परेशान होना पड़ा। इस दौरान विभाग की ओर से दिए गए टोल प्री नंबर पर भी अफसरों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिल से लोगों में नाराजगी बनी रही। कुसुमखेड़ा और नवाबी रोड सहित कई इलाकों के लोगों ने बताया कि दिन में एक बजे से रात आठ बजे तक बिजली नहीं मिल पाई लेकिन जब विभाग के अधिकारियों को फोन करके समस्या बताई जा रही है तो लोग बदसलूकी कर रहे हैं।
इंदिरानगर की महिलाएं पहुंची जलसंस्थान
इंदिरानगर में नई बस्ती की पेयजल लाइन से वॉल्ब लगाकर जलापूर्ति कराने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को महिलाएं जल संस्थान पहुंची। इस दौरान ईई आरएस लोशाली से महिलाओं ने कहा कि उनके क्षेत्र में पेयजल समस्या बनी है। ईई लोशाली ने इस दौरान सर्वे कराने के बाद संभावनाओं को जांचने का आश्वासन दिया।
बनभूलपुरा आजाद नगर वासियों ने किया केडी उप संस्थान पर प्रदर्शन
सुबह से लगातार बिजली जाने की समस्या को लेकर नाराज आजाद नगर वासियों ने बृहस्पतिवार को केडी चौराहा स्थित बिजली घर पर ऊर्जा निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आजाद नगर वासियों ने कहा कि सुबह से उनके क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है जिसके चलते उनके घरों में पानी की भी समस्या बनी हुई है। लोगों ने कहा कि इन दिनों लगातार उनके क्षेत्र में ऊर्जा निगम की ओर से बिजली की कटौती की जा रही है जिससे उनके घरों की पानी की मोटर और क्षेत्र के नलकूप का संचालन भी रुका हुआ है जिसके चलते गर्मी में लोग अपनी और बिजली के लिए तरस रहे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि जब ऊर्जा निगम के अधिकारियों को समस्या के समाधान के लिए फोन करते हैं तो अधिकारी उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं। इधर प्रदर्शन के दौरान जब विभाग का पक्ष जानने के लिए विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया गया तो उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। संवाद।
फूलचौड़ बिजलीघर के पास झाड़ियों में लगी आग, दमकल टीम ने पाया काबू
फूलचौड़ बिजलीघर के पास सूखी झाड़ियों में आग लगने से बृहस्पतिवार को खलबली मच गई। इस दौरान बिजली के अधिकारियों की ओर से दमकल विभाग को फोन पर सूचना दी गई जिसके बाद दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। एफएसओ मिंदर पाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर तेल रिसने से आग लगी थी जिसे समय पर बुझा लिया गया था।