आरएसएस पदाधिकारी और पुलिसकर्मियों में हुई तीखी बहस
हल्द्वानी में रूट डायवर्जन के दौरान एक आरएसएस कार्यकर्ता की पुलिस से बहस हो गई। मामला काठगोदाम चौकी तक पहुंच गया। सूचना पर भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ता चौकी पहुंच गए। चौकी में वार्ता के बाद मामला निपट गया। बृहस्पतिवार सुबह आरएसएस पदाधिकारी अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। भीमताल तिराहे पर पुलिस ने ट्रैफिक रोका था। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात एक सिपाही से किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि मामला खींचतान पर पहुंच गया। पुलिसकर्मी ने पदाधिकारी की गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने जाने को कहा। संघ पदाधिकारी ने अपने साथियों को सूचना दी। देखते ही देखते काठगोदाम चौकी में भाजपा नेताओं का मजमा लग गया। काफी देर तक हंगामा और बातचीत का सिलसिला चलता रहा लेकिन बात नहीं बनी। मामला पुलिस अफसरों तक पहुंचा। पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों में समझौता कर विवाद निपटाया गया।
सड़क पर रखे पत्थर
भवाली में उपराष्ट्रपति के बृहस्पतिवार को कैंचीधाम भ्रमण के लिए क्रैश बैरियर सही करने के बजाय भवाली-अल्मोड़ा हाईवे पर निगलाट क्षेत्र में एनएच ने सड़क किनारे पत्थर रख दिए। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने एनएच की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोगों ने कहा कि उक्त मार्ग से आला अधिकारी गुजरे लेकिन किसी ने भी विभागीय अधिकारियों को इस बारे में दिशा- निर्देश देने की जहमत नहीं उठाई। लोगों ने कहा कि विभाग को क्षतिग्रस्त क्रैश बैरियर को सही कराने को निर्देश दिए जाएं, ताकि कैंची मेले के दिन उक्त स्थानों पर कोई हादसा न हो।
दौरे के चलते सड़कें हुईं ठीक, भरे गड्ढे
रानीबाग-भीमताल रोड को लोनिवि ने उपराष्ट्रपति के कैंची दौरे से चंद घंटे पहले ही सुधार दिया। रोड पर बुधवार रात उन सभी छोटे-बड़े गड्ढों को भर दिया गया जिनमें अब तक आम यात्री हिचकोले खा रहे थे। पिछले वर्षों के दौरान भीमताल रानीबाग रोड में यातायात का दबाव लगातार बढ़ा है। इससे वाहन चालकों और यात्रियों को दिक्कतें हो रही थी। बुधवार को जैसे ही लोनिवि के अधिकारियों को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के कैंची धाम पहुंचने की सूचना मिली तो विभागीय अधिकारियों ने रातोंरात रानीबाग-भीमताल रोड पर सलड़ी, क्वैराली, बोहराकून, भीमताल के अलावा भीमताल-भवाली रोड और भवाली-कैंची रोड के गड्ढों को डामर से पाट दिया।
दो घंटे बसें नहीं चलने से यात्री परेशान
- रोडवेज की जौरासी, गोलूछीना और बागेश्वर की बसें भी दो घंटे बाद रोडवेज बस अड्डे से रवाना हुई। इससे दूर-दराज जाने वाले यात्री परेशान रहे।
- नैनीताल ड्यूटी पर जाने वाले कर्मचारी भी हुए परेशान, एआरएम सुरेंद्र बिष्ट ने बताया कि दो घंटे बसों का संचालन बंद रखा गया।
- नैनीताल से हल्द्वानी चलने वाली रोडवेज बस का संचालन नैनीताल से वाया कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी के लिए किया गया। स्टेशन इंचार्ज डीएन जोशी ने बताया कि इस कारण यात्रियों से 50 रुपये प्रतिसवारी के हिसाब से अतिरिक्त वसूला गया।