उत्तराखंड में लगातार बढ़ रहे महिला अपराधों के खिलाफ शनिवार को हल्द्वानी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर पुतला दहन किया। इसके साथ ही तिकोनिया चौराहे से एसडीएम कोर्ट तक सड़क पर उतरकर रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया।
विज्ञापन
इस दौरान कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल समेत कांग्रेस पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं के लगातार महिला अपराधों के मामलों में नाम सामने आने पर कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन करते हुए बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ का नारा देने वाली सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की।
कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि कही भाजपा के मंडल अध्यक्ष महिला अपराधों में संलिप्त हैं तो कहीं बड़े नेता और कार्यकर्ता नाबालिग बच्चियों से बलात्कार कर रहे हैं। ऐसे में ये सरकार कैसे महिलाओं को न्याय दिला पाएगी।