कालाढूंगी। वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार को रामनगर वन प्रभाग के कालाढूंगी रेंज अंतर्गत नयागांव स्थित कॉर्बेट वॉटरफॉल का रिबन काटकर शुभारंभ किया। वन मंत्री ने कहा कि सामुदायिक पर्यटन ग्रामीण आजीविका में बहुत सहायक है। इससे ग्रामीणों को रोजगार भी मिलेगा।
मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामुदायिक आधारित पर्यटन को और अधिक बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों को रोजगार से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट वॉटरफॉल एक आकर्षक पर्यटन स्थल है, जहां पर्यटकों को उत्तम सुविधाएं मिलनी चाहिए। इससे वन विभाग की आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा ने नैनीताल रोड में खाली पड़ी वन भूमि में जंगल वन बनाने की मांग की। कार्यक्रम के दौरान डीएफओ रामनगर ध्रुव सिंह मार्तोलिया, एसडीओ कामिनी आर्य, रेंजर मुकेश जोशी, विधायक प्रतिनिधि मयंक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख कोटाबाग मनीषा जंतवाल, कनिष्ठ ब्लॉक प्रमुख अपूर्वा बिष्ट सहित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।