प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने उत्तराखंड में वेट टैक्स में नये वित्तीय वर्ष से नई धाराओं को लागू करने के विरोध में वाणिज्य कर कार्यालय पर प्रदर्शन कर ज्वाइंट कमिश्नर हरीश भट्ट का घेराव किया। इस संबंध में मांगपत्र भी सौंपा गया।
व्यापार मंडल के संरक्षक राजेंद्र फ र्सवान ने धारा 31 एवं धारा 51 को काला कानून बताते हुए कहा कि व्यापारियों के ऊपर लगने वाला यह कानून किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और न ही लागू होने दिया जाएगा। इसके लिए जरूरत पड़ी तो बाजार भी बंद किया जाएगा। नगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल एवं महामंत्री विरेंद्र गुप्ता ने सी फार्म की समय सीमा घटाने एवं अपील में किसी भी प्रकार का अर्थ दंड लगाने का विरोध किया।
कहा कि जब तक इन तीन प्रमुख मांगों का निराकरण नहीं हो जाता, तब तक किसी भी व्यापारी को किसी प्रकार का नोटिस नहीं दिया जाए। कोषाध्यक्ष गुरुचरण प्रिंस एवं उपाध्यक्ष अशोक वार्ष्णेय ने मोबाइल सचल दल के इंचार्ज की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह व्यापारियों को धमकाते हैं और बाहर से आने वाले सही माल में भी कमियां निकाल परेशान करते हैं जबकि प्रतिदिन रेलवे से आ रहे बिना टैक्स का माल सांठगांठ कर लाखों रुपये के राजस्व का विभाग को चूना लगाया जा रहा है।
व्यापारियों की मांगों के संबंध में ज्वाइंट कमिश्नर भट्ट ने कहा कि तीनों मांगें शासन स्तर की है इनके समाधान के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता, मदन मोहन जोशी, गुरमीत सिंह, मेहबूब अली, चमन गुप्ता, राम प्रसाद कश्यप, मनोज चौहान, पीयूष गोयल, देवेश अग्रवाल, संजय वर्मा प्रदीप सब्बरवाल, शंकर भूटियानी, विनोद आनंद, भुवन जोशी, अमर जीत सिंह, जसवीर खनायत, जितेंद्र बर्गली, महेश जोशी, संदीप टंडन, धरमु गुप्ता, राजेन्द्र मुन्ना, नुसरत सिद्दीकी, हाजी नफ ीस, खीमा शर्मा आदि व्यापारी मौजूद थे।