नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में विद्यार्थियों को अंदर जाने से रोकने पर गहमागहमी हो गई। नाराज एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। कुछ देर खींचतान और धक्कामुक्की से माहौल गरम हो गया। हालांकि हालात बिगड़ने से पहले कॉलेज प्रशासन ने सभी छात्रों को अंदर आने की अनुमति देकर मामला शांत कराया।
छात्रसंघ चुनाव के लिए डीएसबी परिसर में सोमवार को आम सभा आयोजित की गई। एनएसयूआई के प्रत्याशी रोहित जोशी अपने समर्थकों के साथ जब परिसर के मुख्य गेट पर पहुंचे तो प्राध्यापकों ने सभी से परिचय पत्र दिखाने के लिए कहा। जो विद्यार्थी परिचय पत्र नहीं दिखा सके उन्हें गेट के भीतर घुसने नहीं दिया गया। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एबीवीपी के समर्थकों को बिना परिचय पत्र भीतर जाने दिया गया। इस बात पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई। एनएसयूआई ने आरोप लगाया िक इसका विरोध करने पर पुलिस ने लाठी-डंडे चलाए। हालांकि पुलिस ने बल प्रयोग की बात से इन्कार किया है। बाद में जब रोहित समर्थकों के साथ आम सभा के मंच में पहुंचे तो उन्होंने पुलिस और एबीवीपी पर आरोप लगाते हुए आम सभा का बहिष्कार कर दिया।
आम सभा में लगी वादों की झड़ी...
आम सभा में प्रत्याशियों ने परिसर में विभिन्न समस्याओं के समाधान का वादा किया। एबीवीपी के प्रत्याशी उत्कर्ष बिष्ट ने कहा कि वह हर कक्षाएं डिजिटल करवाएंगे। अध्यक्ष पद के निर्दलीय प्रत्याशी मोहित बिष्ट ने कहा कि परिसर में सर्वप्रथम पानी, साफ-सफाई व शौचालय की व्यवस्था ठीक की जाएगी। छात्रा उपाध्यक्ष की प्रत्याशी प्रियांशी चंदोला और हेमा रैखोला, छात्र उपाध्यक्ष प्रत्याशी प्रखर श्रीवास्तव व रोहन शाही, सचिव प्रत्याशी अभिषेक बिष्ट और हिमांशु महरा, सांस्कृतिक सचिव प्रत्याशी आकांशा खनायत व विभोर भट्ट के साथ संयुक्त सचिव पद प्रत्याशी तुषार भंडारी, सूर्य कमल गौड़ ने प्राथमिकताएं गिनाईं। आम सभा में निदेशक नीता बोरा शर्मा, प्रो. एचसीएस बिष्ट, डॉ. विजय कुमार आदि मौजूद रहे।
तय समय तक भी नहीं बोल सके कुछ प्रत्याशी
नैनीताल। आम सभा में अधिकतर प्रत्याशी तय समय पांच मिनट तक भी भाषण नहीं दे सके। कुल 16 प्रत्याशियों में से अध्यक्ष पद पर मोहित बिष्ट, उपाध्यक्ष पद पर प्रखर श्रीवास्तव ने छह मिनट का भाषण दिया। अनेक प्रत्याशी ऐसे भी रहे जो एक से चार मिनट तक ही बोले।