माई सिटी रिपोर्टर
हल्द्वानी। मेडिकल काॅलेज में हुई रैगिंग के मामले में काॅलेज प्रबंधन ने सीसीटीवी खंगाले। प्रकरण में तीन और सीनियर छात्रों को चिह्नित किया गया है। इन्हें हॉस्टल से निष्कासित करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा।
मेडिकल काॅलेज में एमबीबीएस सेकेंड ईयर के हास्टल में चार जूनियर छात्रों के साथ रैगिंग प्रकरण में तीन नवंबर को दस सीनियर छात्रों पर कार्रवाई की गई थी। कॉलेज प्रबंधन ने सीसीटीवी खंगाले तो इसमें तीन और सीनियर छात्रों की संलिप्तता पाई गई।
इस बाबत मेडिकल काॅलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज आदि के आधार पर कुछ और सीनियर छात्र को चिह्नित किया गया है। इस संबंध में वार्डन आदि से भी जानकारी ली गई है। इनके खिलाफ भी हास्टल से निष्कासित करने, 25-25 हजार का जुर्माना लगाने समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा कुछ और छात्र हैं जिन पर प्रकरण में शामिल होने का संदेह है। इस संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई होगी।