हल्द्वानी। चिल्ली सॉस का स्वाद लेने वाले सतर्क हो जाएं। हल्द्वानी की एक फैक्टरी में फंगस लगी सामग्री से चिली सॉस तैयार किया जा रहा था। सॉस के पास ही कॉकरोच घूमते मिले। बृहस्पतिवार को प्रशासन की टीम ने मंगलपड़ाव स्थित ‘माहेश्वरी नूडल्स’ फैक्टरी में छापा मारा, जिसमें यह खुलासा हुआ है। इतना ही नहीं बल्कि सॉस और नूडल्स एक्सपायर्ड सामग्री से बनाए जा रहे थे। घनी आबादी वाले आवासीय क्षेत्र में बिना किसी वैध अनुमति के संचालन करने पर फैक्टरी सील कर दी गई। साथ ही सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह और एसडीएम राहुल शाह के नेतृत्व में नगर निगम, खाद्य सुरक्षा विभाग, आपूर्ति विभाग और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने यह छापा मारा। एसडीएम ने बताया कि निर्माण स्थल पर गंदगी के अलावा फंगस लगी सामग्री भी मिली। कॉकरोच भी घूम रहे थे। एक्सपायर्ड रसायनों और सॉस-पल्प का उपयोग किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर नूडल्स, सॉस और पल्प के सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे हैं। इसके अतिरिक्त इकाई के बेसमेंट में भारी मात्रा में एक्सपायर्ड सॉस और पल्प पाया गया, जिसे सील कर दिया गया है। जांच में यह भी पाया कि यहां घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग किया जा रहा था। आपूर्ति विभाग ने सिलिंडर जब्त कर मुकदमा दर्ज कराया है।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बताया कि सॉस, नूडल्स, सॉस पैक करने वाली प्लास्टिक की बोतलें समेत सभी सामग्री को नष्ट किया गया। घनी आबादी में यह फैक्टरी होने से यहां आग लगने का भी खतरा था, इसीलिए फैक्टरी को सील कर दिया गया है। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह, कुलदीप पांडे, तहसीलदार, पूर्ति विभाग और नगर निगम की टीम मौजूद रही।
फैक्टरी से एक्सपायरी डेट की सामग्री नूडल, सॉस आदि के सैंपल लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित लैब भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद फैक्टरी मालिक के खिलाफ विधिक धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। -संजय कुमार सिंह, जिला अभिहीत अधिकारी, खाद्य सुरक्षा विभाग।
जजी कोर्ट के पास नाले पर बनी मीट की दुकान तोड़ी
हल्द्वानी। नगर निगम की टीम ने नगर आयुक्त ऋचा सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाकर रेस्टोरेंटों, ढाबों, ठेलों पर चेकिंग की। देखा गया कि कहीं शराब आदि तो नहीं पिलाई जा रही। इस दौरान जजी कोर्ट के पास नाले पर बनी मीट की दुकान को ध्वस्त किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि खाद्य पदार्थों की बिक्री गंदगी वाले स्थलों पर नहीं की जा सकती है। नाले पर बनी मीट की दुकान पूरी तरह अवैध थी। इससे गंदगी फैलने और संक्रामक बीमारियों का खतरा था। उन्होंने कहा कि गर्मियों में खुले और गंदगी के आसपास खाद्य पदार्थ, शीतल पेय आदि बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।