हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने भाजपा पार्षद तन्मय रावत के खिलाफ मारपीट और एससी एसटी की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पार्षद पर दुकान और कारखाने में घुसकर कारीगर और नौकर को पीटने का आरोप है।
रामलीला मोहल्ला निवासी जगदीश चंद्र पांडे ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कहा कि उसकी रामलीला मोहल्ले स्थित अलमारी की दुकान का संचालन दिनेश कुमार करता है। बृहस्पतिवार शाम सात बजे पड़ोसी पार्षद तन्मय रावत ने दिनेश कुमार को अलमारी की दुकान बंद करने के लिए कहा, लेकिन उसने दुकान बंद नहीं की। इसके बाद पार्षद ने दिनेश के साथ मारपीट की। दिनेश बचने के लिए दुकान के पीछे कारखाने में भागा तो पार्षद ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
कारखाने में पार्षद ने कारीगर अजमल के साथ भी मारपीट की। घटना की सूचना मिलने के बाद दुकान स्वामी मौके पर पहुंचे तो पार्षद ने उनके साथ भी अभद्रता की। मामले में पुलिस ने पार्षद पर एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि पुलिस मुकदमे की जांच कर रही है। पार्षद का आरोप है कि अलमारी की दुकान से प्रदूषण फैल रहा है।
बहस हुई थी, मारपीट नहीं : पार्षद
आरोपी पार्षद तन्मय रावत का कहना है कि बृहस्पतिवार को दुकान संचालक के साथ केवल बहस हुई थी। मारपीट का आरोप गलत है। बताया कि उसने अलमारी की दुकान के खिलाफ दो बार सिटी मजिस्ट्रेट, तीन बार नगर निगम और एक बार सीएम पोर्टल पर शिकायत की है। दुकान में उत्पादों पर पेंट करने के दौरान प्रदूषण फैल रहा है। दुकानदार ने प्रदूषण विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र भी नहीं लिया है। पुलिस जांच करेगी तो सच्चाई सामने आएगी।