यहां स्थित बिड़ला रोड में चुंगी के समीप सैलानियों की फार्चूनर कार अनियंत्रित होकर लगभग पचास फिट गहरी खाई में जा गिरी। इसमें सवार छह लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए बीडी पांडे अस्पताल ले जाया गया है। सभी घायल साहिबाबाद यूपी के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक सेक्टर दो राजेंद्र नगर साहिबाबाद यूपी निवासी प्रतिभा सिंह (40) पत्नी संदीप सिंह, सुनीता मलिक (42) पत्नी मुकेश मलिक, संदीप सिंह (43), तनिषा तरार (42) पत्नी अनुराग तरार, मुकेश मलिक (44) और अनुराग तरार (44) अपने बच्चों के एडमिशन के लिए यहां बिड़ला विद्या मंदिर आए थे। बताया जाता है कि स्कूल से वापस लौटते वक्त बिड़ला चुंगी के समीप तीव्र ढलान में उनकी कार संख्या यूपी-14-डीएल-0015 अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के क्षेत्रों के लोग पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी और स्वयं राहत और बचाव कार्य शुरू किया। किसी तरह स्थानीय लोगों ने कार में मौजूद सभी घायलों को बाहर निकालकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल सभी घायल बीडी पांडे अस्पताल में ही भर्ती थे। राहत और बचाव कार्य करने वालों में नगर पालिका के पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू, पूर्व सभासद कृपाल सिंह, दरबान सिंह, गोपाल बिष्ट, मीना, विक्की, समीर खान, संजय जोशी आदि थे।