चुनाव प्रचार अभियान में खुद को साबित करने के लिए सभी पार्टी और प्रत्याशी हरसंभव कोशिश में जुटे हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए सभी हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। चुनावी मैनेजमेंट के बीच हल्द्वानी सीट पर एक बात जो उभरकर सामने आ रही है, वह यह कि कांग्रेस को छोड़कर बाकी प्रत्याशियों ने अपनी सरहदें बना ली हैं।
किन इलाकों पर फोकस करना है और कहां मगज खपाने की जरूरत ही नहीं है, यह तय हो गया दिखता है। हमेशा की तरह सपा का प्रचार बनभूलपुरा और मुस्लिम बहुल इलाकों तक ही सीमित है तो बसपा का फोकस मुस्लिम और दलित मतदाता हैं, जबकि भाजपा का रूझान अल्पसंख्यक बहुल इलाकों की तरफ है ही नहीं।
हल्द्वानी विधानसभा सीट पर आठ प्रत्याशी ताल ठोक रहे हैं, जिनमें दो निर्दलीय हैं, बाकी राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों के हैं। यहां एक लाख 40 हजार 409 मतदाता हैं, जिनमें मुस्लिम वोटरों की संख्या करीब 42 हजार हैं। राज्य गठन से अब तक सभी विधानसभा चुनावों में सपा को यहां सर्वाधिक वोट पडे़।
कांग्रेस दूसरे, बसपा तीसरे और भाजपा चौथे नंबर पर रही। नगर निगम के चुनाव में मेयर के पद पर सपा से प्रत्याशी रहे अब्दुल मतीन सिद्दीकी भाजपा के डा. जोगेंद्र रौतेला से 1400 वोटों से पीछे रह गए थे। मतीन को 21400 वोट मिले, इनमें करीब 90 फीसदी सिर्फ बनभूलपुरा से ही थे।
अब मतीन कांग्रेस में शामिल हो गए हैं तो सपा ने आजाद नगर के ही शोएब अहमद पर दांव खेला है। लोगों को उम्मीद थी कि शोएब सेक्युलर छवि के कारण दूसरे क्षेत्रों में भी अपनी छाप छोड़ेंगे, क्योंकि मतीन सिद्दीकी केवल मुस्लिमों के नेता ही माने जाते रहे।
शोएब का प्रचार भी केवल बनभूलपुरा तक ही सिमटकर रह गया है। सपा ने सात चुनावी कार्यालय खोले हैं, जो सभी मुस्लिम क्षेत्रों में ही हैं। जनसभाएं, प्रचार और रैलियां भी सीमित क्षेत्रों में ही चल रही हैं।
बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी शकील अहमद केके अब तक दो दर्जन से अधिक जनसभाएं कर चुके हैं। बसपा का केंद्र दलित और मुस्लिम मतदाता हैं। वह इन्हें अपने पाले में करने की जद्दोजहद में जुटे हैं।
अब तक भाजपा प्रत्याशी जोगेंद्र रौतेला का प्रचार बनभूलपुरा की सरहदों के बाहर ही रहा है। बनभूलपुरा में न तो भाजपा का कोई कार्यालय खुला और न ही व्यापक प्रचार।
यहां सोमवार की रात पहली सभा हुई, जबकि अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मजहर नईम नवाब समेत भाजपा के कई बडे़ पदाधिकारी इस क्षेत्र का नेतृत्व करते हैं। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा को इस क्षेत्र से ढाई से तीन हजार वोट मिले थे।
विधानसभा चुनाव 2012 की स्थिति
पार्टी प्रत्याशी वोट
कांग्रेस इंदिरा हृदयेश 42627
भाजपा रेनू अधिकारी 19044
सपा मतीन सिद्दीकी 13453
बसपा रईसुल हसन 3043
बसपा का नारा सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय है। इसलिए सभी वर्गों और क्षेत्रों में प्रचार किया जा रहा है, जिसका अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। कैडर वोट और मुस्लिम वर्ग मजबूती के साथ खड़ा है।
-जरियाब सिद्दीकी, युवा बसपा नेता
सपा के साथ हर वर्ग जुड़ा है। खासतौर पर युवाओं का रुझान अधिक है। जनसभाओं में भी बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं। डोर-टू-डोर जनसंपर्क भी किया जा रहा है।
अब्दुल कवि, सपा प्रदेश प्रवक्ता सपा
भाजपा का प्रचार चरणबद्ध तरीके से चल रहा है। बनभूलपुरा में अब हर रोज जनसभा होगी। कार्यालय भी खोला जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन की सभा भी आयोजित कराई जाएगी।
-मजहर नईम नवाब, प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा