अभी पीरूमदारा की घटना को रामनगर के लोग भूल नहीं पाए थे कि डकैतों ने रविवार आधी रात चिल्किया डंगवाल कालोनी के व्यवसायी पर हमला कर लूटपाट की। डकैत व्यवसायी की पत्नी से हीरे और सोने के जेवरात ले गए। व्यवसायी के हो हल्ला करने पर डकैत भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर रामनगर पुलिस डकैतों की तलाश में जुट गई है। इधर गांव के लोग डकैतों की धमक से खौफजदा हैं। इलाज के लिए व्यवसायी को अस्पताल में ले जाया गया है। चिल्किया डंगवाल कालोनी निवासी परमिंदर पाल सिंह की भवानीगंज में सिटी ग्लास नाम से दुकान है।
रविवार आधी रात दुकानदार रामनगर से अपने घर पहुंचे। जैसे ही व्यवसायी ने घर का दरवाजा खोला तो बदमाश भी पीछे से अंदर गैलरी में घुस गए। उन्होंने व्यवसायी के सिर पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। पति की चीख सुनकर पत्नी मौके पर पहुंची।
डकैतों ने व्यवसायी की पत्नी से तमंचे के बल पर दो हीरे, एक सोने की अंगूठी और चेन उतरवा ली। व्यवसायी ने साहस जुटाकर शोर मचाया तो डकैत जेवर लेकर भाग निकले। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौका मुआयना कर डकैतों की तलाश शुरू कर दी है।
व्यवसायी का कहना है कि डकैतों की संख्या छह थी। पांच डकैत अपना मुंह कपड़े से ढके हुए थे। एक डकैत का मुंह खुला हुआ था। लोगों का कहना है कि अभी करीब दो सप्ताह पहले पीरूमदारा में इसी प्रकार परिवार को बंधक बनाकर डकैती हुई थी लेकिन उस घटना का पुलिस खुलासा करने में असफल रही है।