हल्द्वानी। लोकपर्व हरेला के बावजूद बुधवार को रोडवेज स्टेशन पर यात्रियों की संख्या काफी कम रही। अमूमन त्योहारों में अधिक बसों का संचालन करने वाले परिवहन निगम को बुधवार को पर्याप्त यात्री नहीं मिले। ऐसे में कई रूट पर बसें कम की गईं।
बुधवार को जिले भर में धूमधाम से हरेला मनाया गया। राजकीय अवकाश के कारण शहर में आवाजाही कम रही। इसका असर रोडवेज स्टेशन में भी देखने को मिला। बुधवार को रोडवेज की बसें यात्रियों के इंतजार में खड़ी रहीं लेकिन उम्मीदों के अनुरूप सवारी नहीं मिली। ऐसे में आधी से अधिक बसों को वापस भेजा गया।
हल्द्वानी रोडवेज की वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी इंद्रा भट्ट ने बताया कि कुमाऊं के पहाड़ी जिलों में रोजाना आठ बसें भेजी जाती हैं। यात्रियों की कमी के चलते एक बस कैंसिल करनी पड़ी। दिल्ली रूट पर 24 बसों की जगह 12 बसों को ही भेजा गया। देहरादून और चंड़ीगढ़ रूट की एक-एक बस का भी संचालन नहीं हुआ।