छह माह के इंतजार के बाद आखिरकार नैनीताल हाइवे पर करोड़ों की लागत से लगाई गई स्ट्रीट लाइट मंगलवार को जलेंगी। भाजपा-कांग्रेस की खींचतान के चलते ही बहुत हद तक इन स्ट्रीट लाइटों की रोशनी छह माह तक गायब रही। रही सही कसर निगम और लोक निर्माण विभाग के बीच जांच के नाम पर हुई रस्साकसी ने पूरी की।
नैनीताल हाइवे पर 195 स्ट्रीट लाइट का प्रस्ताव नेता प्रतिपक्ष इन्दिरा हृदयेश ने कांग्रेस सरकार में मंत्री रहते हुए तैयार करवाया था। इन्दिरा की कोशिश विधानसभा चुनाव के दौरान इन स्ट्रीट लाइटों को रोशन करने की थी। नेता प्रतिपक्ष की यह योजना उस समय परवान नहीं चढ़ पाई।
नगर निगम में भाजपा मेयर की उपस्थिति के चलते इस मामले में सियासी रंग भी घुल गया था। रही सही कसर लोक निर्माण विभाग और नगर निगम के बीच जांच को लेकर हुई रस्साकसी ने पूरी कर दी।
नगर निगम ने इसकी थर्ड पार्टी एश्योरेंस की मांग करते हुए, स्ट्रीट लाइटों को लेने से मना कर दिया था। लोक निर्माण विभाग की ओर से शासन और अपर सचिव नियोजन को थर्ड पार्टी जांच कराने के लिए पत्र भेजा था। अपर सचिव नियोजन ने उनके पास जांच एजेंसी न होने के कारण, लोक निर्माण विभाग की ओर से कराई गई जांच को प्रर्याप्त माना था।
उसके बाद निगम के अधिकारियों ने बैकफुट में आते हुए लोक निर्माण विभाग को 13 कनेक्शन लेने के निर्देश दिए और निगम के नाम से कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी कराई।
सोमवार को विद्युत विभाग की ओर से दो कनेक्शन और मीटर लग गए हैं। मंगलवार को 11 कनेक्शन और मीटर और लगा दिए जाएंगे। इसी के साथ मंगलवार रात से शहर की स्ट्रीट लाइटें जल जाएंगी। सोमवार को आधी स्ट्रीट लाइटें जल जाती लेकिन पार्षदों ने अपनी उपस्थिति में लाइट जलाने को लेकर अड़ जाने के कारण सोमवार को स्ट्रीट लाइटें नहीं जल पायी।
नगर आयुक्त हरवीर सिंह ने बताया कि विद्युत विभाग की ओर से दो कनेक्शन और मीटर लगा दिए गए हैं। मंगलवार को सभी मीटर लगा दिए जाएंगे। संभवत: मंगलवार को ही स्ट्रीट लाइटें जल जाएंगी।