वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधियो के साथ बैठक करते एसडीएम व सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
रामनगर। रविवार को हुए बृजेश उर्फ रिंकू हत्याकांड के दूसरे दिन भी पुलिस हत्याकांड का खुलासा नहीं कर सकी है। मामले के खुलासे के लिए एसओजी की टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस ने उस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जहां बृजेश की स्कूटी बरामद हुई थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। दूसरी ओर हत्याकांड से आक्रोशित नगर पालिका के सफाई कर्मियों ने सोमवार को नगर में कार्य बहिष्कार किया। इसके चलते नगर में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे रहे।
वहीं उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राम अवतार राजोर ने मृतक के घर पहुंच घटना की निंदा की। उन्होंने पुलिस को 48 घंटे में घटना का खुलासा न होने पर प्रदेश भर मे सफाई व्यवस्था चौपट करने की चेतावनी दी है। उन्होंने घटना के दो दिन बाद भी मृतक के घर किसी भी राजनैतिक पार्टी के प्रतिनिधि द्वारा सांत्वना देने न जाने पर कड़ा रोष जताया।
गौरतलब है कि बीते दिवस अज्ञात हमलावरों ने बृजेश की पत्थरों से कूचकर निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस घटना के 24 घंटे बाद भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई। हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। उत्तराखंड स्वच्छकार कर्मचारी संघ के नेताओं के नेतृत्व में वाल्मिकी समाज के लोगों ने सीओ स्वतंत्र कुमार और एसडीएम परितोष वर्मा से मिलकर पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाए जाने, सुरक्षा देने और हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस दौरान अजय बन्नू, विनय चौधरी, विनोद कुमार, रामकुमार, राजेश, सुनील, अनिल मसीह, रामो भारती, आरपी सिंह, कन्नू लाल, तारा देवी, लक्ष्मी देवी, रामवती आदि थे।