काकड़ीघाट में कोसी नदी में गिरी बेलोरो टैक्सी वाहन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार रात तीन बजे बोलेरो काकड़ीघाट के पास कोसी नदी में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार छह लोग घायल हो गए। खैरना चौकी पुलिस ने 108 की मदद से घायलों को खाई से निकालकर सीएचसी गरमपानी पहुंचाया, सभी को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
हल्द्वानी से बागेश्वर जा रही बोलेरो (यूके 01टीए 7770) का काकड़ीघाट के पास स्टेयरिंग लॉक हो गया।
इसके बाद ब्रेक नहीं आने से वाहन कोसी नदी में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही खैरना पुलिस चौकी से कांस्टेबल हर्षवर्धन सिंह, शंकर सिंह नेगी पहुंच गए। 108 एंबुलेंस कर्मियों की मदद से घायलों को निकालकर सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मोहम्मद रफी शेख (39) पुत्र अब्दुल्ला निवासी मलाड वेस्ट मुंबई और अरमान (17) पुत्र नबी हुसैन भोट जिला रामपुर (यूपी) को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजेंद्र सिंह निवासी छानी ल्वेशाल कौसानी अल्मोड़ा, धीरज मेहरा निवासी मल्ला वर्धो बेतालघाट, संजय सिंह, राजेंद्र सिंह निवासी गागरीगोल बागेश्वर, हीरा सिंह निवासी नया गांव कालाढूंगी और बलराम निवासी रंपुरा बरेली (यूपी) को इलाज के बाद घर भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक रफी और अरमान रामपुर से बढ़ई का काम करने बागेश्वर जा रहे थे। चौकी प्रभारी आशा बिष्ट ने बताया परिजनों के पहुंचने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया गया। वाहन चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।