रामनगर। रामनगर रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात एक ट्रेन के कोच में अचेत अवस्था में मिले एक युवक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
शनिवार शाम चार बजकर 55 बजे मुरादाबाद से चली ट्रेन (65309) शाम 7:35 बजे रामनगर पहुंची। रामनगर पहुंचने पर कोच में एक अज्ञात व्यक्ति के अचेत होने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस की ओर से तत्काल उसे रामनगर अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मृतक के पास से कोई टिकट या पर्स जैसी सामग्री नहीं मिली है। युवक की उम्र लगभग 45 साल के आसपास बताई जा रही है। ट्रेन ने मुरादाबाद से रामनगर तक के सफर में 12 स्टेशन पार किए। पुलिस इन सभी स्टेशनों पर जांच कर रही है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के थानों को भी सूचित किया गया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह किस स्टेशन से ट्रेन में चढ़ा था। संवाद