प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निकली भाजपा की परिवर्तन यात्रा मंगलवार को रामनगर पहुंची। यहां शहर समेत पीरूमदारा में भी कार्यकर्ताओं ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान हुई सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार और उसके मुखिया मुख्यमंत्री हरीश रावत को पूरे देश में भ्रष्टाचार का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए चुनाव में प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने का संकल्प दिलाया। बुधवार सुबह यात्रा रामनगर से बैलपड़ाव, कोटाबाग के लिए रवाना होगी।
पैठपड़ाव स्थित प्रगतिशील सांस्कृतिक समिति के प्रांगण में हुई सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश, प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री के निर्णय का पूरे देश की जनता स्वागत कर रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर बैंक की लाइन में लगे लोगों को पानी, चाय पिलाकर राहत दिलाने को कहा। केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि केंद्र सरकार चुनावी वादों पर काम कर रही है लेकिन उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार केंद्र की योजनाओं को पूरी तरह से लागू नहीं करवा सकी है।
रैली के मंडलीय संयोजक और पूर्व सांसद बलराज पासी ने कहा कि इस यात्रा को भारी जनसमर्थन मिल रहा है। इससे स्पष्ट है कि प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार से तंग आकर भाजपा के पक्ष में खड़ी है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी ने कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत और उनके कुनबे के साथ ही पूरे मंत्रिमंडल समेत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा भी देहरादून में अपना धन ठिकाने लगा रहे हैं लेकिन जनता काले धन के इन ठेकेदारों को अवश्य सबक सिखाएगी। पूर्व विधायक अमृता रावत ने प्रदेश में सरकार के संरक्षण में हो रहे भ्रष्टाचार पर जनता से एकजुट होने की अपील की।
जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट की अध्यक्षता में जिला महामंत्री राकेश नैनवाल ने संचालन किया। इस दौरान पूर्व विधायक दीवान सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री गजराज सिंह बिष्ट, नगर अध्यक्ष सत्यप्रकाश शर्मा, दान सिंह रावत, बीना जोशी, भुवन भट्ट, प्रकाश रावत, प्रकाश हर्बोला, बसंती आर्या, बिंदेश गुप्ता, दिनेश मेहरा, हरीश पंत, नरेंद्र शर्मा, पूरन नैनवाल, मदन माहेश्वरी आदि थे।