राज्य की नदियां जमीन का कटान करती हैं। नदियों के विकास के लिए रिवर फंड डेवलपमेंट अथारिटी बनायी जाएगी। यह काम वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश के कार्यकाल में पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी में 24 करोड़ रुपए की नौ योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री रावत ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हल्द्वानी छोटा उत्तराखंड बन रहा है। उन्होंने कहा कि जनता ने अगर दोबारा मौका दिया तो इंटीग्रेटेड ट्रांसपोर्ट सिस्टम शुरू किया जाएगा। मेट्रो के अधिकारियों ने संपर्क किया था। उन्हें जसपुर, रामनगर, हल्द्वानी, काशीपुर, रुड़की, हरिद्वार और देहरादून में वैकल्पिक मार्ग की संभावनाएं तलाशने को कहा है।
सरकार विकास पर फोकस कर रही है। राज्य में आठ नर्सिंग कालेज चल रहे हैं। कुमाऊं में तीन और टिहरी में दो नर्सिंग कालेज और खोले जाएंगे। चिकित्सा, आयुर्वेदिक, नर्सिंग एवं तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में राज्य की स्थिति बहुत अच्छी है।
इंदिरा अम्मा भोजनालय महिला सशक्तीकरण में मील का पत्थर साबित होगी। समाज कल्याण के माध्यम से महिला सशक्तीकरण के तहत देश के अन्य राज्यों से अधिक राशि हर पेंशन में दी जा रही है। इस राशि को आगे और बढ़ाया जाएगा।
राज्य में लोग खेल सुविधाओं का बेहतर प्रयोग कर रहे हैं। लड़कियों के लिए एक स्पोर्ट्स हास्टल भी शीघ्र बनेगा। कहा कि सरकार ने बहनों से लेकर दादी तक के लिए योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि स्वामी राम कैंसर इंस्टीट्यूट जल्द अस्तित्व में आ जाएगा।
उन्होंने कहा कि लोग विकास की ऊंची छलांग के लिए तैयार रहें। मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि बनभूलपुरा में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के लिए नया चिकित्सालय बनाया जाएगा। रावत ने कुमाऊं क्षेत्र की पर्यटन एवं संस्कृति से संबंधित 10 अन्य योजनाओं का भी लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश और चिकित्सा-शिक्षा मंत्री दिनेश धनै ने भी लोगों को संबोधित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा प्रसाद, मंडी समिति अध्यक्ष सुमित हृदयेश, रामसिंह कैड़ा, नारायण पाल, किरन डालाकोटी, बीना जोशी, मोहन पाठक आदि थे।
इन योजनाओं का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण
774.08 लाख की लागत से निर्मित केंद्रीय पुस्तकालय भवन, 151 लाख की लागत से निर्मित नर्सिंग कालेज, 73.60 लाख की लागत से निर्मित होने वाले नर्सिंग छात्रावास, 650 लागत की लागत से निर्मित बर्न यूनिट, 36 लाख की लागत से अस्वस्थ नवजात शिशु उपचार इकाई, 751 लाख की लागत से निर्मित होने वाले ट्रामा सेंटर।
साथ ही इंदिरा अम्मा भोजनालय, रेडक्रास की ओर से संचालित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र और 50 बेड के रैनबसेरा का शुभारंभ किया।
किसी ने नहीं लिया पूर्व सीएम तिवारी का नाम
पहाड़ के गरीब लोगों का इलाज सुलभ कराने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने सुशीला तिवारी अस्पताल बनवाया था। राजकीय मेडिकल कालेज में आज कई योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण हुआ मगर मुख्यमंत्री से लेकर किसी भी कांग्रेस नेता ने पूर्व मुख्यमंत्री तिवारी का नाम तक नहीं लिया।
डेंटल फैकल्टी भी शुरू हो मेडिकल कालेज में
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कालेज में डेंटल फैकल्टी भी होनी चाहिए। डाक्टरी की पढ़ाई करने वाले डेंटल की पढ़ाई भी कर सकें। डेंटल फैकल्टी खुलने से मरीजों को भी मदद मिलेगी। उन्होंने चिकित्सा-शिक्षा सचिव डी सैंथिल पांडियन से कहा कि डेंटल फैकल्टी को लेकर भी तैयारी की जानी चाहिए।
दिल्ली के ग्रह चाल में फंसा गया जू
सीएम ने कहा कि इंटरनेशनल स्टेडियम के अस्तित्व में आने के साथ ही कुमाऊं की आर्थिक राजधानी हल्द्वानी विश्व पटल पर आ जाएगी। रावत ने वित्त मंत्री से कहा कि इंटरनेशनल स्टेडियम को जल्द शुरू करने के लिए थोड़ा और जोर लगाएं।
कहा कि अंतरराष्ट्रीय जू को जुरासिक पार्क की तर्ज पर विकसित किया जा रहा है। कहा कि चार से पांच महीने में दिल्ली की ग्रह चाल में फंसा रहा। जू भी इसी ग्रह चाल में अटक गया।
इंदिरा की तर्ज पर चल रही हैं मूविंग इंदिरा अम्मा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश मूविंग इंदिरा अम्मा। सीएम की बात सुनते ही पूरे पंडाल में ठहाके लगने लगे। कहा कि डा. हृदयेश पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के नक्शे कदम पर चल रही हैं। इंदिरा अम्मा भोजनालय भी इंदिरा अम्मा की ही देन है।
आशा, आंगनबाड़ी और भोजन माताएं भाई के लिए करें दुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी और भोजन माता कार्यकत्रियों का मैं ऐसा भाई हूं जो उनसे मिलता रहता हूं। हमारी बहनों को बीच मेें किसी ने बरगला दिया। कैबिनेट बैठक में बहनों के लिए अच्छा करने पर विचार किया है और जल्द निर्णय लेंगे। कहा कि हमारी बहनें दुआ करें कि मुझे बुरी नजर न लगे और तमाम अड़चनों से मैं बच जाऊं।
पार्टी विरोधी नेताओं को हटाया जाए
पूर्व पालिकाध्यक्ष हेमंत बगड्वाल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया और पार्टी विरोधी नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की। कहा कि मेयर चुनाव में पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले ठाकुर चंद्रमोहन सिंह को पद से हटाने के साथ ही पार्टी से बाहर किया जाए।