गजराज के लिए एक सांसद अड़े, बोले टिकट नहीं दिया तो दे दूंगा इस्तीफा
मेयर के टिकट को लेकर गजराज इस बार आर-पार के मूड में थे। हल्द्वानी-काठगोदाम की सीट ओबीसी से सामान्य होने पर गजराज ने इसे अपनी हार के रूप में देखा, लेकिन वह पीछे नहीं हटे। इस बार उन्हें एक सांसद का साथ मिला। सूत्र बताते हैं कि सांसद ने गजराज को टिकट न देने में इस्तीफा देने तक की धमकी दे डाली थी।
हल्द्वानी में गजराज को एंटी लॉबी का माना जाता है। कालाढूंगी विधानसभा चुनाव में जब वह टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय चुनाव में उतरे तो उन्हें त्रिवेंद्र रावत ने किसी तरह मनाकर बैठाया था। उस समय उन्हें सत्ता आने पर सम्मान देने की बात कही गई थी। उधर जैसे ही हल्द्वानी नगर निगम की सीट ओबीसी हुई तो दूसरा गुट नवीन वर्मा को आगे कर ले आया। हालांकि सीट सामान्य होने पर भी गजराज ने आस नहीं छोड़ी। उन्होंने अपनी पूरी ताकत लगा दी। साथ ही उनके लिए गढ़वाल और कुमाऊं की एक लॉबी एकत्र हुई। बताया जा रहा है कि एक सांसद ने उन्हें टिकट न देने पर भाजपा से इस्तीफा देने की धमकी तक दे डाली। उधर जोगेंद्र, कौस्तुभानंद, प्रमोद तोलिया और रेनू अधिकारी के बीच भी मामला फंस गया। कुमाऊं से एक सांसद ने एक महिला नेत्री को टिकट दिलाने के लिए जोर लगाया, लेकिन उनकी नहीं चली। आखिर मंथन के बाद पार्टी ने गजराज को टिकट दे दिया।