शासन से भवाली डिपो को 17 नई बसें उपलब्ध करा दी गई हैं। नई बसों के आने के बाद से अब भवाली डिपो अपने उन पुराने रूटों पर भी बसों का संचालन करेगा, जहां पिछले काफी समय से बसों का संचालन ठप पड़ा था। बृहस्पतिवार को डिपो प्रबंधन द्वारा नैनीताल-गोपेश्वर सेवा शुरू कर दी जाएगी।
भवाली डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ ने बताया कि डिपो में 17 नई बसें आ चुकी हैं, जिन्हें अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा। पूर्व में भवाली डिपो से मुक्तेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी, लैंसडाउन और चंपावत आदि को भी बसों का संचालन होता था, जो कुछ समय पहले बसों की कमी के चलते बंद कर दिया गया था।
इन नई बसों को फिलहाल इन्हीं रूटों पर चलाने की योजना है। कुछ रूटों पर चल रही पुरानी बसों के स्थान पर भी नई बसों को चलाया जाएगा। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि बृहस्पतिवार को नैनीताल-गोपेश्वर बस सेवा को फिर से शुरू करा दिया जाएगा।
इधर, रोडवेज के कर्मचारी नेता लक्ष्मीदत्त पालीवाल का कहना है कि पहाड़ के पुराने रूटों पर नई बसों के संचालन से जहां डिपो को आर्थिक लाभ मिलेगा, वहीं यात्रियों को भी इसका फायदा मिलेगा।