भीमताल (नैनीताल)। नगर क्षेत्र के बाईपास, ब्लॉक रोड, गोरखपुर और मल्लीताल बाजार क्षेत्र में 10 हजार से अधिक आबादी तीन दिन से पानी के लिए परेशान है। पंप हाउस की मोटर खराब होने से लोगों को पानी के लिए भटकने को मजबूर होना पड़ रहा है। सैलानियों को भी पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। पानी की समस्या हल नहीं होने से स्थानीय लोगों में जल संस्थान के लिए नाराजगी है।
लोगों का कहना है कि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा को समस्या से अवगत कराने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। मंत्री ने पानी की समस्या से निजात दिलाने के लिए बजट जारी करने की बात कही थी लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ है। इसके चलते लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जल संस्थान विभाग की ओर से टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था की गई है लेकिन पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। सभासद उमेश पाठक, शुभम नैनवाल ने कहा कि पानी के लिए आए दिन परेशान होना पड़ रहा है। अधिकारियों को समस्या से अवगत कराने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। उन्होंने नगर क्षेत्र में पेयजल समस्या हल कराने की मांग की है।
ओखलकांडा के मटेला में भी किल्लत
ओखलकांडा की ग्राम पंचायत मटेला में भी पेयजल समस्या से लोग परेशान हैं। ग्रामीणों की समस्या पर ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली ने जल संस्थान अधिकारियों के माध्यम से क्षेत्र में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था कराई। क्षेत्र पंचायत सदस्य चंद्रा रुवाली, लीला त्रिपाठी, केशव त्रिपाठी, रंजीत मटियाली, दिनेश रुवाली, मोहननाथ गोस्वामी, बिरेंद्र सिंह आदि ने भी पेयजल समस्या हल कराने की मांग की है। संवाद
कोट-
अधिकारियों को पानी की समस्या दूर करने के लिए निर्देशित किया है। निजी बोरिंग से कनेक्शन दिलाने के निर्देश दिए हैं। कनेक्शन नहीं मिलता है तो बोरिंग की परमिशन निरस्त करने को कहा है। क्षेत्र के लिए पेयजल संबंधी प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत कराया जाएगा।
- राम सिंह कैड़ा, कैबिनेट मंत्री
कोट-
ट्यूबवैल की मोटर सही करने के लिए मैकेनिक आए हैं। सोमवार सुबह से भीमताल में पानी की सप्लाई शुरू करा दी जाएगी।
- मोहन सिंह रावत, सहायक अभियंता, जल संस्थान